-डीएम के आदेश पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने नगर के तीन दुकानदारों को दिए नोटिस
कैराना। नगर के व्यापार मंडल व सराफा यूनियन पदाधिकारियों ने डीएम से मुलाकात कर साप्ताहिक बंदी लागू कराने को कहा। डीएम के आदेश पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने नगर में पहुंचकर दुकान खुली मिलने पर तीन दुकानदारों को नोटिस जारी किए।
बुधवार को साप्ताहिक बंदी घोषित है, जिससे दुकानों पर काम करने वाले श्रमिकों को एक दिन का अवकाश मिल सके। साथ ही व्यापारी भी साप्ताहिक बंदी में दूसरे शहर में व्यापार के कारण अथवा रिश्तेदारी में आ जा सकें। मगर कुछ दुकानदारों के कारण साप्ताहिक बंदी मजाक बनकर रह गई थी। बुधवार सुबह भी नगर के बेगमपुरा, चौक बाजार व जोड़िया कुआं पर कुछ दुकानें खुली नजर आईं। इस पर व्यापार मंडल अध्यक्ष अनिल गुप्ता, सराफा यूनियन अध्यक्ष राकेश वर्मा, प्रदीप कुमार, अंकुर व राहुल बंसल आदि ने शामली पहुंचकर डीएम रविंद्र सिंह से मुलाकात की और साप्ताहिक बंदी पूरी तरह लागू कराने की मांग की। इसके बाद डीएम के आदेश पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी विप्लव दीक्षित ने कैराना पहुंचकर साप्ताहिक बंदी लागू कराई। इस दौरान श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने तीन दुकानें खुली मिलने पर उन्हें नोटिस जारी कर दिए। श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि वो प्रत्येक बुधवार को कैराना में साप्ताहिक बंदी लागू कराएंगे।