बोर्ड बैठक का विवाद गहराया, मंडलायुक्त तक पहुंचा मामला
शामली। दो दिन पहले हुई नगरपालिका बोर्ड की बैठक का विवाद गहराता जा रहा है। बोर्ड बैठक को निरस्त कराने की मांग पर अड़े सभासदों ने सहारनपुर में मंडलायुक्त से मिलकर शिकायती पत्र सौंपा। सभासदों ने डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन में हो रहे भ्रष्टाचार की भी जांच कराने की मांग की।
शुक्रवार को पालिका के सभासद अनिल उपाध्याय, संजीव देशवाल, हाजी खालिद, विनोद तोमर, लोकेश सैनी और सभासद पति निशिकांत संगल सहारनपुर में मंडलायुक्त एवी राजमोली से मिले। उन्हें 21 सभासदों के हस्ताक्षरयुक्त शिकायती पत्र सौंपा। कहा कि बुधवार को हुई बोर्ड की बैठक में किसी प्रस्ताव पर चर्चा नहीं हुई, जबकि पालिका की चेयरपर्सन अंजना बंसल ने कई प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित होना बताया। चेयरपर्सन बोर्ड बैठक को बीच में ही छोड़कर चली गई थीं। इस वजह से किसी प्रस्ताव पर बोर्ड में सहमति नहीं बनी थी।
उन्होंने बोर्ड बैठक को निरस्त कर पुन: कराए जाने की मांग की। सभासदों ने डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन में भी भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि इसकी आड़ में पालिका को वित्तीय हानि पहुंचाई जा रही है। इसकी जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए। निशिकांत संगल ने बताया कि मंडलायुक्त ने उन्हें इस प्रकरण की गहनता से जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
विदित हो कि पालिका बोर्ड की बैठक में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए सभासदों ने हंगामा किया था। इसके बाद से सभासद लामबंद होकर बोर्ड बैठक को निरस्त करने की मांग कर रहे हैं। बृहस्पतिवार शाम को सभासदों ने डीएम के कैंप कार्यालय में भी शिकायती पत्र देकर बोर्ड बैठक निरस्त कर पुन: कराने की मांग की थी।