शामली। जिला अस्पताल में आठ दिन से बंद पड़ी खून की जांच सुविधा मंगलवार को फिर से शुरू हो गई। खराब ऑटो बायो कैमिस्ट्री एनालाइजर मशीन की जगह अब नई मशीन स्थापित कर जांच का काम शुरू कर दिया गया है। इससे मरीजों को बड़ी राहत मिली है।
आठ दिन पहले जिला अस्पताल में हृदय, किडनी, लीवर और खून की जांच करने वाली ऑटो बायोकैमिस्ट्री एनालाइजर मशीन अचानक खराब हो गई थी। मशीन के सेंसर में पानी चले जाने के कारण यह बंद पड़ी थी। मशीन को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक पुर्जे लखनऊ से नहीं पहुंच सके। इसके चलते इतने दिन तक जांच कार्य प्रभावित रहा। इस दौरान मरीजों को बाहर निजी लैब का सहारा लेना पड़ा।
अस्पताल प्रशासन ने अब नई ऑटो बायो कैमिस्ट्री एनालाइजर मशीन स्थापित कर जांच शुरू करा दी है। सीएमएस डॉ. किशोर आहूजा ने बताया कि नई मशीन से जांच सुचारू रूप से की जा रही है। जल्द ही पुरानी मशीन को भी ठीक करा लिया जाएगा। नई मशीन के लगते ही मंगलवार से जांच का काम शुरू हो गया। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों ने कहा कि इससे उन्हें बाहर महंगे खर्च से राहत मिली है।