भाकियू ने केंद्र सरकार पर लगाया वादाखिलाफी का आरोप
शामली। भाकियू नेताओं ने सोमवार को कलक्ट्रेट में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए किसानों से किए गए वादे जल्द पूरा करने की मांग की। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम बृजेश कुमार सिंह को सौंपा।
प्रदर्शन के दौरान भाकियू जिलाध्यक्ष कपिल खाटियान ने कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों से किया कोई वादा पूरा नहीं किया है। आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए। आंदोलन में मारे गए 700 से ज्यादा किसानों के परिवारों को मुआवजा देने की कार्रवाई शुरू नहीं की गई। एमएसपी को लेकर कमेटी बनाने की घोषणा की थी। यह वादा भी अभी तक पूरा नहीं हुआ है। लखीमुपर खीरी हत्याकांड में एसआईटी की रिपोर्ट के बाद भी इस मामले में षड़यंत्रकारी अजय मिश्रा टेनी केंद्रीय मंत्रिमंडल में बने हुए हैं। सरकार अब अपना किसान विरोधी एजेंडा आगे बढ़ा रही है। आस्ट्रेलिया के साथ मुक्त व्यापार समझौते में डेयरी उद्योग से जुड़े किसानों के अस्तित्व पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रपति से केंद्र सरकार को अपने वादे याद दिलाकर जल्द पूरा कराने की मांग की। मांग पूरी न होने पर आंदोलन फिर से शुरू करने की चेतावनी दी। इस दौरान चौधरी शौकिंद्र, पप्पू भारसी, ब्रह्मपाल सिंह, देवराज पहलवान, गुड्डू बनत, एजाज, मनोज तोमर, डॉ. वसीम, ब्रजपाल फौजी, संजीव, योगेंद्र पंवार, अरविंद निर्वाल आदि मौजूद रहे।
कैराना। भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष गय्यूर हसन के नेतृत्व में विश्वासघात दिवस के तहत करीब एक दर्जन भाकियू कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम संदीप कुमार को सौंपा। इस दौरान इमरान, मुनव्वर चौधरी, खुर्शीद अहमद, कय्यूम, इमरान चौहान, तासिम, राजेश व पुष्कर सैनी आदि मौजूद रहे।
चौसाना। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर भाकियू कार्यकर्ताओं ने विश्वासघात दिवस मनाया। इस दौरान अरविंद कुमार, सुमित कुमार, राजेंद्र सिंह, रामवीर, रामफूल, सतेंद्र, रामपाल बाबा आदि मौजूद रहे।
किसान यूनियन ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
शामली। किसान यूनियन ने भी सोमवार को विश्वासघात दिवस मनाया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सवित मलिक के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल डीएम जसजीत कौर से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा। जिसमें प्रधानमंत्री से किसानों की विभिन्न मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की गई। इस दौरान ऋषिपाल सिंह, जितेंद्र सिंह, अमित निर्वाल, जयपाल सिंह, संजीव लिलौन, राजेंद्र सिंह, रणवीर सिंह आदि मौजूद रहे।