फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सड़क हादसे में युवती की मौत पर बवाल

Thu, 18 Jan 2018 12:23 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला/शामली
विज्ञापन
accident - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
शामली। शहर के मोहल्ला नंदूप्रसाद में बुधवार शाम पिकअप की टक्कर लगने के कारण युवती की मौत हो गई। गुस्साए लोगों ने पिकअप चालक को पकड़ लिया और जमकर पिटाई की। साथ ही पिकअप में तोड़फोड़ कर दी गई। आरोपी चालक दूसरे समुदाय का होने के कारण तनाव की स्थिति पैदा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी चालक को भीड़ से छुड़ाकर कोतवाली ले आई, तो भीड़ कोतवाली पहुंच गई और वहां भी हंगामा किया।
विज्ञापन


मोहल्ला नंदू प्रसाद निवासी वाल्मीकि समाज के धर्मपाल की बेटी रीटा (28) की शादी कांधला क्षेत्र के गांव मीमला निवासी संजीव के साथ हुई थी। बुधवार को रीटा अपनी मां से मिलने शामली आई थी। रात करीब सवा सात बजे जब वह अपने चाचा मुकेश के घर के सामने खड़ी थी, तभी कलंदरशाह मोहल्ले की तरफ से तेज गति में पिकअप आई और रीटा और उसकी बहन मीरा को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गई।

मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। इसके बाद घायल बहनों को अस्पताल पहुंचाया, वहां चिकित्सकों ने रीटा को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल मीरा को भर्ती कर लिया गया। उधर, गुस्साए लोगों ने पिकअप चालक नसीम पुत्र मेहरबान निवासी इमामगेट कैराना को मौके पर पकड़ लिया और पिटाई करने लगे। भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पिकअप पर पथराव करके तोड़फोड़ कर दी। इसी दौरान सूचना मिलने पर शामली कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक अनीस को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले आई।
विज्ञापन


साथ ही पिकअप को भी थाने ले आई। इसके बाद गुस्साए लोगों की भीड़ भी कोतवाली पहुंच गई और आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग पर हंगामा करने लगी। इस बीच सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह भी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में रीटा के पिता धर्मपाल की ओर से तहरीर दी गई है। आरोपी चालक अनीस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। देर रात तक पुलिस मृतका का शव पोस्टमार्टम को भेजने की तैयारी में लगी रही।

आरोपी को पीट-पीटकर मार सकती थी भीड़
हादसे के कारण लोगों में इतना गुस्सा था कि वह पिकअप चालक पर पिल पड़े। लात घूंसे और डंडो से आरोपी चालक को पीटा गया। इसी दौरान सूचना मिलने पर कोतवाली शामली पुलिस मौके पर पहुंच गई। यदि पुलिस पहुंचने में देरी कर देती, तो गुस्साई भीड़ की पिटाई के कारण पिकअप चालक की जान भी जा सकती थी। उधर, कोतवाली में पहुंची भीड़ मांग करती रही कि आरोपी को उनके कब्जे में दो, इसे अभी सजा दी जाएगी, लेकिन मौके पर मौजूद भाजपा नेता अजय संगल, वैद्य उपेंद्र द्विवेदी, घनश्याम पारचा सहित अन्य लोगों ने उन्हें समझा बुझाकर शांत किया।

तनाव के कारण मौके पर पुलिस तैनात
घटना की वजह से मोहल्ला नंदूप्रसाद में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। इसी वजह से उच्चाधिकारियों ने गंभीरता बरतने का निर्देश दिया। कोतवाली पुलिस के तीन सिपाही और एक दरोगा सहित डायल 100 पुलिस को मौके पर तैनात कर दिया गया। देर रात तक पुलिस मौके पर रही। वहीं, घटना की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस भी मौके पर बुला लिया गया था।
विज्ञापन






 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें