शामली जिले के खंद्रावली रेलवे स्टेशन के पास और थानाभवन में जल्द ही बायोगैस और डेयरी उद्योग स्थापित किए जाएंगे। कुल 105 करोड़ रुपये के दो महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को लेकर एमओयू साइन किए जा चुके हैं। अधिकारियों का कहना है कि तीन माह के भीतर दोनों उद्योगों का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी भी तैयारियों में जुट गए हैं।
उद्योग मित्र अतुल कुमार गुप्ता ने बताया कि खंद्रावली के पास बायोगैस उत्पादन का बड़ा प्रोजेक्ट लगाया जाएगा, जिसकी लागत 100 करोड़ रुपये है। इसकी खासियत यह होगी कि यहां ऑर्गेनिक तरीके से बायोगैस तैयार की जाएगी।
प्रतिदिन दो टन से अधिक उत्पादन क्षमता वाले इस प्रोजेक्ट की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं थानाभवन में पांच करोड़ रुपये की लागत से डेयरी उद्योग स्थापित किया जाएगा। इसमें दूध से बने उत्पादों के साथ-साथ पैकेज्ड पानी व अन्य डेयरी उत्पाद भी तैयार करके बेचे जाएंगे।
अतुल गुप्ता ने बताया कि जिले में अन्य उद्योगों को भी जल्द शुरू कराया जाएगा। उद्यमी लगातार आवेदन कर रहे हैं और प्रयास है कि उन्हें किसी भी प्रकार की दिक्कत न होने दी जाए।