शामली। गांव बलवा से आगे खंद्रावली के पास बेकाबू इंडिका कार ने दो बाइकों में टक्कर मार दी। जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच बाइक सवार घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दो बाइकाें पर छह युवक सवार थे और किसी ने भी हेलमेट नहीं लगा रखा था।
मोहल्ला बूढ़ा बाबू निवासी गौरव (22) अपने साथी कुलदीप, शुभम, नरेंद्र, अर्जुन व एक अन्य के साथ दो बाइकों पर रविवार की शाम कांधला क्षेत्र के खंद्रावली में गए थे। जैसे ही बलवा से आगे कांधला क्षेत्र के खंद्रावली के पास पहुंचे तो वहां पर तेज गति से दिल्ली की ओर जा रही एक इंडिका कार ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। हादसे में गौरव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शुभम, नरेंद्र, अर्जुन, कुलदीप और एक अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर कोतवाली और कांधला पुलिस मौके पर पहुंची। राहगीरों की मदद से घायलों को अस्पताल में भिजवाया। हादसे की सूचना पर युवक के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही थी। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मामले में कार्रवाई की जाएगी।
करंट से दो युवक झुलसे, एक ने दम तोड़ा
शामली। बनत निवासी राकेश पुत्र साहब सिंह गोहरनी रोड स्थित अपने खेतों में पानी चलाने के लिए गया हुआ था। बताया जाता है कि वहां पर विद्युत लाइन टूटी पड़ी थी।
इस दौरान राकेश उसकी चपेट में आ गया और करंट से बुरी तरह झुलस गया। किसान की मौके पर मौत हो गई। किसान के नौकर ने शोर मचा दिया और मौके पर ग्रामीण एकत्र हो गए, बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। सूचना पर आदर्श मंडी पुलिस भी मौके पर पहुंची। बाद में मृतक के परिजनों ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया।
उधर, श्रवण निवासी खानपुर थानाभवन, बनत बिजलीघर में संविदा कर्मी है। वह मेन बाजार में विद्युत लाइन ठीक कर रहा था। उसी दौरान लाइन में करंट आ गया और वह बुरी तरह से झुलस गया और विद्युत पोल से नीचे गिर गया। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।