शामली। शहर कोतवाली पुलिस ने बाइक चोरी करने के आरोपी आशु को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसके कब्जे से चोरी की दो बाइकें और एक बाइक के पार्ट्स बरामद किए। इस मामले में पुलिस दूसरे आरोपी सूरज की तलाश कर रही है। पकड़ा गया आरोपी ऑटो एजेंसी पर काम करता था।
शहर कोतवाली पुलिस ने रविवार रात चेकिंग के दौरान भिक्की मोड़ से आशु को संदिग्ध हालात में पकड़ लिया। जांच करने पर पता चला कि बाइक उपमन्यू शर्मा निवासी कांबोज काॅलोनी के नाम पाई गई। यह बाइक तीन दिन पहले शिव चौक के निकट दुकान के बाहर से चोरी हुई थी। पुलिस ने आरोपी आशु निवासी गांव सालाखेड़ी थाना तितावी जिला मुजफ्फरनगर को पकड़कर पूछताछ की तो उसने बताया कि वह बंतीखेड़ा में ऑटो एजेंसी पर कार्य करता था। यह बाइक उसने अपने साथी सूरज निवासी लिलौन के साथ चोरी की थी। आरोपी से पूछताछ की तो उसने कई बाइक चोरी करने की जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बनत चौराहा के निकट वीरान पड़ी काॅलोनी में छिपाई गई एक बाइक और एक अन्य बाइक के पुर्जे बरामद किए। आरोपी ने बाइक को उत्तराखंड के हरिद्वार से चोरी करना बताया। इसके अलावा जिस बाइक के पुर्जे मिले हैं, उसे एक माह पहले दशहरा के दिन हनुमान धाम के बाहर से चोरी किया था। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया है। पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है।