शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बलवा बाईपास चौराहे के निकट बाइक सवार महिला की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई जबकि पति को मामूली चोट आई। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर भाग गया।
बुधवार सुबह कस्बा कैराना के मोहल्ला गुलशन नगर निवासी यामीन अपनी पत्नी समीना (45) को किसी चिकित्सक के यहां से दवा दिलाने के लिए शामली बाइक से आए थे। समीना सुबह करीब 11 बजे यामीन अपनी पत्नी को लेकर बाइक से बाईपास से कैराना लौट रहा था। जब वह बलवा बाईपास चौराहे पर पहुंचा तो पीछे से आए ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक पर पीछे बैठी महिला सड़क गिर गई और ट्रक के पहिये के नीचे आकर कुचले जाने से उसकी मौके पर मौत हो गई।
यामीन दूसरी तरफ गिरने से ट्रक की चपेट में आने से बच गया। सड़क पर गिरने से उसे मामूली चोट आई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी ली। मृतका के पति की तहरीर पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। उधर, महिला की हादसे में मौत होने से परिजनों में गम का माहौल बना है।