कांधला क्षेत्र के गांव भभीसा में दुर्घटना में घायल महिला।
- फोटो : SHAMLI
कार से टकराकर बाइक सवार की मौत
शामली, कांधला। गांव भभीसा के निकट कार की दो बाइकों से भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई जबकि एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पुलिस ने घायलों को राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
पानीपत निवासी 30 वर्षीय कामिल पुत्र इरशाद अपनी बहन प्रवीण (25) के साथ बाइक से मुजफ्फरनगर के कस्बा बुढ़ाना जा रहे थे। सुबह करीब सात बजे गांव भभीसा के निकट मुजफ्फरनगर की ओर से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी। भाई-बहन को टक्कर मारने के बाद कार ने दूसरी बाइक पर सवार क्षेत्र के गांव इस्लामपुर घसौली निवासी प्रशांत व उसके दोस्त भभीसा निवासी कृष्ण को भी अपनी चपेट में ले लिया। कार की टक्कर लगने से पानीपत निवासी कामिल की मौके पर मौत हो गई, जबकि उनकी बहन प्रवीण तथा दूसरी बाइक पर सवार प्रशांत व कृष्ण गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। मृतक युवक के परिजन अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शाम तक मामले में तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस फरार कार चालक की तलाश कर रही है। थानाध्यक्ष कर्मवीर सिंह का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। चालक की तलाश की जा रही है।