शामली। मंगलवार की सुबह पानीपत खटीमा हाईवे पर महाराजा सूरजमल पब्लिक स्कूल के पास बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिससे बाइक सवार पानीपत के शोदापुर के रहने वाले सन्नी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका साथी संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों ने पोस्टमार्टम देरी से करने का भी आरोप लगाया है।
पानीपत के शोदापुर के रहने वाले दीपक ने बताया कि उसका चचेरा भाई सन्नी (22) और उसका दोस्त संजय मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे बाइक पर सवार होकर हरिद्वार गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। दोनों पानीपत में हलवाई थे। जैसे ही बाइक शामली में पानीपत-खटीमा मार्ग पर महाराजा सूरजमल स्कूल के पास पहुंची तो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिससे दोनों घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने सन्नी को मृत घोषित कर दिया। जबकि संजय की हालत गंभीर बनी है। दीपक का आरोप है कि चार घंटे बाद भी पोस्टमार्टम नहीं किया गया। बाद में उन्होंने अधिकारियों से शिकायत की, तब कहीं जाकर पोस्टमार्टम हो सका।