शामली के सरतीदेवी राजाराम पब्लिक स्कूल में परीक्षा देकर आतीं छात्राएं।
- फोटो : SHAMLI
बड़े सवालों ने उलझाया, ग्रामर ने दी राहत
शामली। सीबीएसई हाईस्कूल की अंग्रेजी की हुई परीक्षा में बड़े प्रश्नों के उत्तर लिखने में परीक्षार्थी उलझे रहे, जबकि ग्रामर आसान आने से परीक्षार्थी उत्साहित नजर आए। परीक्षार्थियों ने कहा कि ऑल ओवर प्रश्नपत्र आसान रहा, जिसमें उन्हें अच्छे अंक मिलने की उम्मीद है। उधर, सीबीएसई के जिला नोडल अधिकारी डॉ. एके गोयल ने बताया कि जनपद में सभी आठ केंद्रों पर अंग्रेजी की परीक्षा में कुल पंजीकृत 2616 में 2585 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 31 अनुपस्थित रहे।
बुधवार सुबह दस बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक जनपद के सभी आठ केंद्रों पर सीबीएसई हाईस्कूल की अंग्रेजी की परीक्षा हुई। परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले ही परीक्षार्थियों का केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गया था। परीक्षा केंद्रों के गेट पर तलाशी और प्रवेशपत्र आदि की जांच के बाद ही कैंपस में एंट्री दी गई। दोपहर में परीक्षा खत्म होने के बाद बाहर निकले परीक्षार्थी उत्साहित नजर जाए। परीक्षार्थियों से प्रश्नपत्र के बारे में बातचीत की गई तो उनका कहना था कि परीक्षा में ग्रामर आसान आई, जबकि दो बड़े प्रश्न हल करने में थोड़ी मुश्किल रही।
छात्र हिमांशु ने बताया कि परीक्षा में सभी प्रश्नों को हल किया है। ग्रामर के सवाल आसान रहे, लेकिन लॉग प्रश्नों को हल करने में कठिनाई आई। इन्हें लिखने में थोड़ा वक्त ज्यादा लगा है। छात्र वाशु कुमार ने कहा कि ग्रामर के सभी सवाल अच्छे से हल किए हैं। आठ-आठ नंबर के दो लॉग प्रश्नों में एक प्रश्न को हल करने में थोड़ी दिक्कत हुई, लेकिन उसने सभी सवाल हल किए हैं और उसे उम्मीद है कि 70 से ज्यादा ही अंक आएंगे। छात्रा माही गर्ग ने बताया कि ऑल ओवर देेेखा जाए प्रश्नपत्र आसान रहा है। सभी सवाल याद किए हुए आए हैं। एक लॉग प्रश्न का उत्तर लिखने में थोड़ी बहुत परेशानी हुई। उसे 80 में से 70 से अधिक नंबर मिलेंगे। छात्रा आस्था पंवार का कहना है कि सब पढ़ा हुआ और याद किया हुआ मिला। ग्रामर, अनसीन के सवाल आसान रहे। उसे उम्मीद है कि अंग्रेज में अच्छे प्रश्न मिलेंगे।