शामली क्षेत्र के गांव फतेहपुर में पेय जल योजना का शिलान्यास करते गन्ना मंत्री सुरेश राणा।
- फोटो : SHAMLI
शामली। प्रदेश सरकार में कैबिनेट गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि कैराना में अब बड़े-बड़े बदमाश ठेलियां लगा रहे हैं, अब उत्तर प्रदेश में किसी बदमाश की हिम्मत नहीं है कि वह किसी को परेशान कर सके।
बुधवार को कैबिनेट गन्ना मंत्री सुरेश राणा थानाभवन विधानसभा के ग्राम फतेहपुर में ग्राम पेयजल योजना के तहत 1.33 करोड़ की लागत से बनने वाली टंकी का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। भिक्की गांव में 12.07 लाख की लागत से मदन डीलर से भूमिया की ओर सीसी रोड का लोकार्पण किया। नंगली जमालपुर गांव में 12.51 लाख की लागत से बनी सीसी रोड का लोकार्पण किया। उन्होंने गैैर भाजपा सरकारों के अंतर की जानकारी देते हुए कहा कि पहली सरकार में नेता मंत्री एक दूसरे के कंप्टीशन में बड़ी-बड़ी कोठियां बनाया करते थे, लेकिन अब इस सरकार में विकास का पहिया घूम रहा है। सरकार में आज हर गरीब किसान मजदूर वीआईपी है।
बड़े बड़े बदमाश अब कैराना में बदमाशी छोड़कर ठेलियां लगा रहे हैं, यही नहीं अब बदमाश उत्तर प्रदेश से पलायन कर गए हैं। शामली विकास के मामले में 10 जनपदों में शामिल हो रहा है। शामली नगर के चारों ओर जल्द एक फॉरलेन का बहुत सुंदर बाईपास बनकर तैयार होने वाला है। गन्ना मंत्री ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में विकास के रथ का जो पहिया घूम रहा है वह सब योगी जी के रहते संभव हुआ है। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष पवन तरार, प्रसन्न चौधरी, राजेंद्र पंवार, योगेंद्र प्रधान, नीरज उपाध्याय, प्रशांत बधेव, विक्की टिटौली, जयपाल आदि रहे।