प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पहले चरण में कैराना तहसील में 4800 पात्र किसानों का डाटा फीड हुआ है। इस चरण का अंतिम दिन होने के चलते मंगलवार को भूलेख कंप्यूटर कक्ष पर राजस्व नकल निकलवाने के लिए आपाधापी मची रही।
लघु एवं सीमांत किसानों को राहत देने के लिए सरकार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना चलाई है। इसके तहत पहले चरण में 6 फरवरी से 12 फरवरी तक किसानों का डाटा फीड कराए जाने का तहसील प्रशासन को जिम्मा दिया गया था। योजना में उन किसानों को लाभ मिलेगा, जिनकी भूमि दो हेक्टेयर या फिर इससे कम हैं, इसमें प्रत्येक किसान को छह हजार रुपये की धनराशि सरकार खातों में भेजेगी। यह धनराशि तीन किश्तों में भेजी जाएगी। वहीं, मंगलवार को पहले चरण का अंतिम दिन होने के चलते तहसील मुख्यालय पर किसानों की भीड़ लगी रही। भूलेख कंप्यूटर कक्ष की खिड़की पर भूमि की नकल निकलवाने के लिए किसानों में दिनभर आपाधापी मची। किसानों में योजना फॉर्म भरवाने को होड़ सी मची रही। एसडीएम डा. अमित पाल शर्मा के अनुसार प्रथम चरण में कृषि विभाग में पंजीकृत 4800 पात्र किसानों का डाटा वेरिफिकेशन कर फीड किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि 13 फरवरी से दूसरा चरण शुरू हो रहा है, जिसमें गांव और शहर के किसानों का डाटा फीड किया जाएगा और उन्हें योजना का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि जिन किसानों का डाटा उपलब्ध नहीं होगा, वे योजना से वंचित रह जाएंगे।