शामली। शहर में हर दिन जाम की स्थिति बढ़ती जा रही है। जिस कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर के चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। काफी मशक्कत के बाद यातायात पुलिस ने जाम खुलवाया।
बृहस्पतिवार को पूरा दिन शहर जाम से जूझता रहा। शहर का कोई रोड ऐसा नही था जहां पर वाहनों की लंबी लाइन न लगी हो। छोटे बडे़ वाहन पूरा दिन धीरे धीरे चलते रहे। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। जिस कारण पैदल चलने वालों लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शहर के गुरुद्वारा तिराहा, रेलपार बाईपास, भिक्की मोड़, धीमानपुरा फाटक, फव्वारा चौक, विजय चौक, अजनता चौक के साथ मेरठ करनाल रोड भी बडे़ वाहनों से जाम लगा रहा। लोगों का गलत साइड से प्रवेश करना जाम को बढ़ावा दे रहा है। जिसे यातायात पुलिस फाटक बंद होते समय नहीं रोकती। आगे निकलने की कोशिश में लोग एक-दूसरे के सामने वाहनों को लाकर खड़ा कर देते हैं, जिससे जाम लग जाता है।
लोग यदि थोड़ा धैर्य रखें और पुलिस थोड़ा ध्यान दे तो जाम की स्थिति पर कंट्रोल किया जा सकता है। जाम के दौरान गलत साइड से घुसने पर दो कारों की टक्कर हो गई। इसके लेकर दोनों वाहन चालकों में कहासुनी हो गई। यातायात पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शहर के चौराहों पर पहुंचकर जाम की स्थिति को कंट्रोल किया।