शामली गुड़ मंडी में मतगणना से पूर्व लगाई गईं टेबिल।
- फोटो : अमर उजाला
शामली। डीएम ने जिले के अफसरों के साथ कृषि उत्पादन मंडी स्थल पर होने वाली मतगणना की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विधानसभा चुनाव की मतगणना की राउंड वार लाउडस्पीकर से घोषणा की जाएगी। सूचना पट पर मतगणना की प्रतिलिपि चस्पा की जाएगी। उन्होंने मतगणना कार्मिकों, प्रत्याशी, मतगणना एजेंटों की मूलभूत सुविधा के पेयजल, शौचालय, खानपान की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
बृहस्पतिवार को डीएम सुजीत कुमार सिंह, एडीएम भरत पांडे, एसडीएम सदर एमपी सिंह ने कृषि मंडी समिति में मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतगणना कराने के लिए चबूतरों की बेरीकेडिंग एवं मजबूत जालियां लगाई गई हैं। इसके अलावा राउंडवार वोटों की गिनती की संख्या सूचना पट पर चस्पा की जाएगी और लाउडस्पीकर से इसकी घोषणा भी की जाएगी। उन्होंने प्रत्याशियों के एजेंटों, चुनाव कर्मियों के लिए पेयजल, शौचालय आदि की सुविधाएं प्रदान करने के लिए निर्देश दिए। मतगणना स्थल के 100 मीटर के दायरे में पहले सभी अधिकारियों व चुनाव पर्यवेक्षकों व अन्य पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों केे वाहन खड़े होंगे।
वहां से जिले के अफसर, पर्यवेक्षकों पैदल मतगणना स्थल पर पहुंचेंगे। डीएम ने कहा कि मतगणना के दौरान अगर किसी प्रत्याशी व एजेंट को कोई आपत्ति है तो संबंधित आरओ से इस मामले में शिकायत कर सकते हैं। कोई भी प्रत्याशी अथवा एजेंट शोरशराबा या हुड़दंग करता पाया गया तो उसके खिलाफ लोक प्रतिनिधि अधिनियम के अंतर्गत विधिक कार्रवाई की जाएगी। जिसके अंतर्गत तीन माह की सजा व जुर्माना का प्रावधान होगा। उन्होंने कहा कि विजयी जुलूस पर आयोग ने रोक लगा दी है, अगर कोई प्रत्याशी जुलूस निकालता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पत्रकारों के लिये मीडिया सेंटर बनाया गया है जिसमें उनके लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। आयोग के निर्देश के अनुरूप मीडिया कर्मी, फोटोग्राफर कैमरा तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि अपना वीडियो कैमरा लेकर मतगणना स्थल पर पांच बार डिप्टी कलेक्टर दुष्यंत मौर्या के साथ निर्धारित सीमा के अंतर्गत फोटो खींचेंगे। मतगणना स्थल पर मोबाइल प्रतिबंधित रहेगा।
उन्होंने बताया कि मतगणना से पूर्व चुनाव प्रेक्षक तथा प्रत्याशी व चुनाव एजेंट की मौजूदगी में 07 बजे से 7.30 बजे तक स्टाफ रूम खोले जाएंगे तथा 8 बजे से 8.30 बजे तक आर ओ की टेबिल पर पोस्टल मतपत्रों की गिनती होगी और इसके बाद ईवीएम मशीन की गिनती प्रारंभ होगी। 11 मार्च को होने वाली मतगणना के लिए सभी चुनाव पर्यवेक्षक आज जिला मुख्यालय पर पहुंच गए हैं।