शामली। भाकियू कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रत्येक जिला मुख्यालय और 25 सितंबर को सहारनपुर कमिश्नरी पर होने वाले धरने प्रदर्शन को सफल बनाने के रणनीति बनाई गई। भाकियू युवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव टिकैत ने कहा कि किसान सरकार के अध्यादेशों का विरोध करते हुए सड़कों पर उतरें।
रविवार को सहकारी गन्ना समिति शामली के प्रांगण में भाकियू सदर ब्लाक कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। मुख्य अतिथि भाकियू युवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव टिकैत ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संसद में लाए जा रहे अध्यादेश किसान विरोधी है। किसान इस अध्यादेश का विरोध करते हुए सोमवार को प्रत्येक जिला मुख्यालय और 25 सितंबर को सहारनपुर मंडल मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन में भारी संख्या में पहुंचे। भाकियू सदर ब्लाक अध्यक्ष दीपक शर्मा ने शामली ब्लाक कार्यकारिणी का विस्तार किया। जिसमें बलवा, ब्रह्म खेड़ा, कसेरवा, हसनपुर, रसूलपुर गुजरान, मुंडेट गांव में ग्राम अध्यक्षों की नियुक्ति की गई। 21 व्यक्तियों की ब्लाक कार्यकारिणी में पदाधिकारियों के रूप में घोषणा की गई।
अध्यक्षता देशपाल सिंह ने की। भाकियू नगर अध्यक्ष जोगिंदर पंवार ने भी नगर कार्यकारिणी की घोषणा की। बैठक में भाकियू के प्रदेश सचिव ओमपाल सिंह मलिक फुगाना, मंडल अध्यक्ष भंवर सिंह, जिला अध्यक्ष कपिल खाटियान, प्रदेश प्रवक्ता कुलदीप पंवार, भाकियू जिला उपाध्यक्ष संजीव राठी, नगराध्यक्ष जोगिंदर पंवार, ओमवीर पटवारी आदि मौजूद रहे। संचालन ब्लॉक अध्यक्ष दीपक शर्मा ने किया।