कांधला। कस्बे के कैराना रोड स्थित होटल में खाना खाने के दौरान सलाद मांगने पर होटल संचालक और कर्मचारियों द्वारा दो दोस्तों पर खौलता तेल उड़ेलने के मामले में पुलिस ने होटल संचालक शाहरुख और कर्मचारी आबिद को गिरफ्तार कर लिया। दोनों का चालान कर दिया गया।
कस्बे के मोहल्ला गुजरान निवासी मनव्वर और आरिफ कैराना बस स्टैंड स्थित होटल पर तीन मई की रात खाना खा रहे थे। खाना खाने के दौरान आरिफ और मनव्वर ने होटल संचालक से सलाद मांगी थी। जिसको लेकर कर्मचारी और होटल संचालक से दोनों का विवाद हो गया था। आरोप था कि होटल पर मौजूद साहिल पुत्र इरफान, होटल संचालक शाहरुख पुत्र इरफान और आबिद पुत्र सकूर निवासी मोहल्ला शेख़जादगान ने युवकों पर खौलता तेल उड़ेल दिया था, जिससे दोनों झुलस गए थे। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद आरोपी शाहरुख और आबिद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि तीसरे आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।