झिंझाना। गांव रंगाना में दूध निकाल रहे व्यक्ति पर हमला किया। बाद में घर में घुसकर पिटाई और फायरिंग की गई। पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
गांव निवासी कविता ने झिंझाना थाने दी तहरीर में बताया कि उनके पति देवेंद्र घेर में दूध निकाल रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान सतीश ने उनकी पिटाई कर दी। इसके बाद उदयवीर, जोनी, उनकी पत्नियां, प्रिंस व दर्शन और अन्य कई लोग लाठी-डंडों और तमंचों के साथ उनके घर पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने उनके बेटे को घसीटकर पीटा और फायरिंग कर दहशत फैलाई। हमले के दौरान परिवार घर से बाहर नहीं निकल सका। जान बचाने के लिए कविता, उनके पति और बेटा घर की पिछली दीवार फांदकर बाहर निकले और थाने पहुंचकर पुलिस को वारदात की जानकारी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीओ हेमंत कुमार ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।