शामली एचडीएफसी बैंक के एटीएम पर लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
शामली में बैंकों की छुट्टी के चलते शहर के एटीएम दूसरे दिन भी लोगों को राहत नहीं दे पाए। लोग एटीएम कार्ड लेकर सुबह से ही एटीएम पर दौड़ते नजर आए, लेकिन फिर भी उन्हें कैश नहीं मिल सका। वहीं शहर के एचडीएफसी एटीएम पर लोग सुबह से ही मशीन में कैश डलने का इंतजार करते मिले।
रविवार को भी सभी एटीएम बंद ही पाए गए। दूसरे दिन कैश की किल्लत से परेशान लोग कार्ड लेकर एटीएम पर सुबह से ही दौड़ते मिले। सोमवार को भी बैंकों की छुट्टी होने के कारण लोग बेहद परेशान दिखे। शहर के एसबीआई, ओरियंटल, एक्सिस, यूनाइटेड, पीएनबी, आंध्रा, आईसीआईसीआई, इंडियन बैंक के एटीएम बंद ही मिले। एचडीएफसी बैंक का एटीएम खुला होने से लोग सुबह आठ बजे से ही एटीएम के बाहर लोगों की लाइन लग गई। बैंक के गार्ड ने दो बजे बजे के बाद कैश डालने की जानकारी दी।
एटीएम के बाहर खडे़ सचिन पंजोखरा ने बताया कि उसका बच्चा शहर के देवेंद्र मलिक के यहां तीन दिन से भर्ती है। कैश के लिए वह शनिवार को भी एटीएम पर लाइन में लगा था। लेकिन नंबर नहीं आ सका। वहीं रविवार सुबह सात बजे से ही कैश डलने का इंतजार कर रहा हूं। कपिल ने बताया कि कई दिन से पशुओं के लिए खल नही, वहीं दो बच्चे स्कूल में पढ़ते हैं। जिसके लिए दो एटीएम लेकर सुबह से कैश डलने के इंतजार में खड़ा हूं। अगर चार हजार निकल जाए तो काम चल जाएगा। सोमवार को भी बैंक की छुट्टी है, जिसके चलते परेशानी हो रही है। एटीएम के बाहर गौरव, संजय, कपिल, इमरान, दीपक, राज चौहान, ऋषिपाल, जावेद, कपिल भी सुबह से ही परेशान रहे।