थानाभवन।गन्ना समिति कार्यालय में लगभग 74.78 लाख रुपये के घोटाले के मामले में वांछित चल रहे सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के तत्कालीन शाखा प्रबंधक को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया है। उधर, जिन कंपनियों को भुगतान किया गया था, उनमें से दो ने करीब साढ़े 14 लाख रुपये गन्ना समिति को लौटाए हैं।
गन्ना समिति थानाभवन के मौजूदा सचिव भास्कर सिंह ने कुछ दिन पूर्व मुकदमा दर्ज कराया गया था कि समिति के अधिकारियों ने फर्जी तरीके से चार कंपनियों को 74.78 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। सचिव ने तीन अधिकारियों, एक बैंक मैनेजर सहित नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। मुकदमे के अनुसार 25 मार्च 2019 में समिति की ओर सेे खतौली क्षेत्र के गांव गालिबपुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक में खाता खुलवाया गया। खाते में तत्कालीन सचिव व लेखाकार के हस्ताक्षर हैं। फिर रकम को दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर कर गड़बड़ी करते हुए चार कंपनियों को 50.50 लाख, 9.78 लाख, 9.37 लाख व 5.13 लाख रुपये डीडी व आरटीजीएस के माध्यम से भेज दिए। मुकदमे में वांछित चल रहे खतौली सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक मुकेश स्वरूप को ओम पैराडाइज जानसठ रोड मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार चालान कर दिया गया है। थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि गन्ना समिति घोटाले के मुकदमे में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मामले में शामिल दो कंपनियों ने करीब साढ़े 14 लाख रुपये वापस कर दिए हैं। इनमें एक कंपनी ने नौ लाख 33 हजार और दूसरी कंपनी ने करीब पांच लाख रुपये गन्ना समिति के खाते में वापस कर दिए हैं।