बकाया गन्ना भुगतान की मांग के लिए किसान यूनियन कार्यकर्ताओं की पंचायत में मिल अधिकारियों से वार्ता के बाद भी कोई निर्णय नहीं निकाला। जिससे गुस्साए किसानों ने हंगामा करते हुए कलक्ट्रेट के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। वार्ता के बाद किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने बेमियादी धरना जारी रखने का एलान किया।
पिछले साल और नए पेराई सत्र का बकाया गन्ना भुगतान की मांग को लेकर किसान यूनियन कार्यकर्ताओं का सोमवार को कलक्ट्रेट में बेमियादी धरना जारी रहा। मौके पर बतीसा खाप से आए चौधरी बाबा उदयवीर सिंह, कुलदीप शर्मा सहित किसान नेताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। बकाया भुगतान नहीं होने तक धरना जारी रखने का एलान किया। शाम चार बजे तक पंचायत और धरनास्थल पर चीनी मिलों और जिला प्रशासन का कोई भी प्रतिनिधि नहीं पहुंचने पर किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट के मुख्य गेट की तालाबंदी कर दी। जिसके बाद एडीएम केबीसिंह, डीसीओ डॉक्टर अनिल भारती, चीनी मिल के गन्ना महाप्रबंधक कुलदीप पिलानिया, अतिरिक्त गन्ना महाप्रबंधक नरेश कुमार धरनास्थल पर पहुंचे और किसान कार्यकर्ताओं से वार्ता की।
किसान यूनियन के संजीव लिलौन ने बताया कि वार्ता में मिल अधिकारियों और प्रशासन ने 20 दिन में पिछले साल का 80 करोड़ रुपये का बकाया गन्ने का भुगतान दिए जाने की बात की। जिस पर किसान नेताओं से सहमति नहीं बनी और वार्ता बिना कोई नतीजा निकले विफल हो गई। किसान यूनियन के शीर्ष नेताओं ने कहा कि जब तक किसानों का पिछले साल का भुगतान नहीं होने पर धरना समाप्त नही किया जाएगा। उन्होंने बताया बकाया भुगतान न होने पर किसान यूनियन का धरना जारी रहेगा। बकाया गन्ना भुगतान होने तक बिजली के मुकदमे वापस होने की जिला प्रशासन ने सहमति दी है। पंचायत में किसान यूनियन के मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष इसरार त्यागी, सहारनपुर रणवीर सिंह, अवनीश पंवार, शामली जिलाध्यक्ष मनोज पंवार, अवनीश पंवार मौजूद रहे। संचालन पर जगवीर सिंह फौजी ने किया।
किसानों के धरने को समर्थन देने पहुंचे
कलक्ट्रेट में किसानों के धरने को क्रांतिकारी किसान संगठन के विक्रांत चौधरी, संगठन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हरेंद्र प्रधान, युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी वीरेंद्र पहल, किसान संगठन की महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रजनी चौधरी राष्ट्रीय महासचिव राजस्थान प्रभारी समेसिंह ने अपना समर्थन दिया। वहीं, उत्तम प्रदेश निर्माण के संयोजक अजय कुमार पंवार, उच्च शिक्षा विचार मंच के अध्यक्ष जयवीर कुड़ाना ने समर्थन दिया। पंचायत में गठवाला खाप के चौधरी राजेंद्र मलिक, बहावड़ी थांबेदार श्यामसिह मलिक, लांक खाप के थांबेदार रविंद्र सिंह मलिक, कालखंडे खाप के चौधरी संजय सिंह लिलौन, उच्च शिक्षा विचार मंच के जयवीर सिंह कुड़ाना, सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता मानवेंद्र वर्मा, भारतीय किसान मजदूर यूनियन के अध्यक्ष राजवीर सिंह मुंडेट, रिटायर्ड डीएफ ओ ओमप्रकाश सिंह आदि वक्ताओं ने किसानों की दुर्दशा पर चिंता जताई।