शामली में व्यापारियों से वार्ता करते एसडीएम व सीओ । संवाद
शामली। शहर के गांधी चौक में मंदिर की संपत्ति बताते हुए बाबा करणनाथ ने सात दुकानों पर ताला लगा दिया। इसे लेकर बाजार के व्यापारी इकट्ठे हो गए।
शनिवार दोपहर को नाथ संप्रदाय के योगी बाबा करणनाथ अपने शिष्यों के साथ पहुंचे गांधी चौक पहुंचे। उन्होंने मंदिर के बाहर की सात दुकानों पर ताला लगा दिया। बाबा करणनाथ ने कहा कि ये दुकानें बाबा भैरवनाथ मंदिर की संपत्ति हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यापारी अवैध रुप से दुकानों पर काबिज हैं। उन्होंने बताया कि व्यापारियों को पहले ही दुकानों को खाली करने के लिए कहा गया था, लेकिन दुकानें खाली नहीं की और न ही कोई नया अनुबंध किया गया।
दुकानदारों का कहना था कि कई ने दुकानों का बैनामा ले रखा है जबकि कई पुराने किरायेदार हैं। इसके बाद बाबा करणनाथ दुकान के बाहर बैठ गए। इस मामले की जानकारी मिलने पर व्यापारियों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर एसडीएम सदर विनय प्रताप भदौरिया, सीओ सिटी अमरदीप मौर्य कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने व्यापारियों को दुकान संबंधी दस्तावेजों के साथ कोतवाली में वार्ता के लिए बुलाया गया है। इस संबंध में एसडीएम सदर का कहना है कि दुकानें मंदिर की बताई गई हैं। बहुत कम किराये पर दुकानें हैं। इन दुकानों का नया अनुबंध कराया जाना है। एक दुकानदार ने दुकान का बैनामा होना बताया है जबकि अन्य दुकानदार नया अनुबंध कराने को तैयार हैं। व्यापारियों को दस्तावेज दिखाने के लिए एक दिन का समय दिया गया हैं।स
शामली में व्यापारियों से वार्ता करते एसडीएम व सीओ । संवाद