घर वाले बोले-सारी गतिविधियां सामान्य, पहले किसी से नहीं था कोई विवाद
आजाद के पिता सुलेमान और भाई शहजाद ने बताया कि आजाद का स्वभाव सामान्य था और पहले किसी भी प्रकार की आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी नहीं रही। पिता का कहना है कि अचानक इस तरह की सूचना चौंकाने वाली है और उन्हें आशंका है कि कहीं कोई गलतफहमी या झूठा फंसाने जैसी स्थिति न हो। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पहले कोलकाता जमात में गया, घर लौटकर शुरू की मजदूरी
परिवार के अनुसार, अगस्त में आजाद दिल्ली के मरकज़ से 40 दिन की जमात पर कोलकाता गया था। उसके बाद वह घर लौट आया और पिछले तीन महीनों से घर व राजमिस्त्री के काम में लगा हुआ था। इसके पहले वह 2019 से बुढ़ाना के मदरसे में रहकर दीनी तालीम ले रहा था और सप्ताह में एक बार घर आता था।
जांच एजेंसियों ने झिंझाना में शुरू की पड़ताल
आजाद के पकड़े जाने के बाद स्थानीय पुलिस और अन्य जांच एजेंसियों ने झिंझाना कस्बे में उसके संपर्क में आने वाले लोगों और गतिविधियों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। कस्बे में इसको लेकर चर्चाएं भी तेज हैं।
एसपी बोले- कोई पुराना रिकॉर्ड नहीं, जांच जारी
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आज़ाद शेख के खिलाफ जिले में कोई पूर्व मामला दर्ज नहीं है। उसके बारे में सभी तथ्य एकत्र किए जा रहे हैं। लखनऊ एटीएस गुजरात एटीएस से संपर्क में है। पूछताछ व जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।