स्वरोजगार की राह :
सीएम युवा उद्यमी योजना का लाभ दिलाने के लिए शिविरों के जरिए युवाओं को किया जाएगा जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। स्वरोजगार को बढ़ावा देने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से जिला उद्योग केंद्र द्वारा उद्यम पोर्टल पर पंजीकरण के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाए जाएंगे, जहां युवाओं को पंजीकरण की प्रक्रिया, योजना की पात्रता और मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत 21 से 40 वर्ष की आयु के युवा अधिकतम पांच लाख की लागत वाला व्यवसाय शुरू कर सकते हैं। खास बात यह है कि इस योजना में ब्याजमुक्त ऋण मिलेगा और किसी गारंटी की आवश्यकता नहीं होगी।
- 1700 युवाओं को मिलना है लाभ, अब तक 220 को मिला लाभ
उपायुक्त उद्योग जैसमीन फौजदार ने बताया कि जिले में कुल 1700 युवा इस योजना के लिए पात्र हैं। अब तक 1000 युवाओं ने आवेदन किया है, जिनमें से 220 को योजना का लाभ मिल चुका है। शेष पात्र युवाओं को योजना से जोड़ने के लिए विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।
उपायुक्त के अनुसार, योजना को लेकर जागरूकता की कमी के चलते कई योग्य युवा आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। इसी वजह से अगले सप्ताह से व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि हर पात्र युवा योजना का लाभ ले सके।
सीएम युवा उद्यमी योजना – प्रमुख बातें...
लाभार्थी आयु सीमा : 21 से 40 वर्ष
बिजनेस लागत : अधिकतम ₹5 लाख
ऋण सुविधा : ब्याजमुक्त, बिना गारंटी
लाभ : स्वयं का कारोबार शुरू करने का मौका
पंजीकरण माध्यम : उद्यम पोर्टल के जरिए