सहारनपुर से आई टीम ने कार्यालय का गेट बंद कर घंटों की जांच
स्थानीय जीएसटी अधिकारियों ने जानकारी से किया इन्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। शहर के नया बाजार स्थित गैस एजेंसी पर शुक्रवार को जीएसटी की सहारनपुर से आई टीम ने छापा डाला। टीम ने मुख्य गेट बंद करके घंटों जांच की। माना जा रहा है कि जीएसटी चोरी के संदेश में कार्रवाई की गई है।
सहारनपुर से आई जीएसटी टीम सुबह 11 बजे एजेंसी पर पहुंची। टीम ने कार्यालय के मुख्य गेट को बंद कर भीतर जांच शुरू कर दी। एजेंसी के दस्तावेजों और लेन-देन की बारीकी से जांच की गई। टीम के सदस्यों ने कार्रवाई से जुड़ी कोई भी जानकारी साझा करने से साफ इन्कार कर दिया। मीडिया के सवालों पर भी टीम ने चुप्पी साधे रखी। कार्रवाई के दौरान किसी को भी एजेंसी कार्यालय में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। शामली के जीएसटी उपायुक्त लोमेशन कुमार ने इस छापेमारी की जानकारी होने से इन्कार किया। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी उनके स्तर पर नहीं है।