स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापामारी कर बिना रजिस्ट्रेशन के चल रही दो पैथोलॉजी लैब को सील कर दिया। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से लैब संचालकों में हड़कंप मच गया।
शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर संजय भटनागर के नेतृत्व में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एवं नोडल अधिकारी डाक्टर अशोक हांडा के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर में चल रही पैथोलॉजी सेंटरों पर छापामारी की। डॉक्टर अशोक हांडा ने बताया कि बुढ़ाना रोड पर स्थित एक पैथोलॉजी सैंपल कलेक्शन सेंटर पर छापा मारकर जांच पड़ताल की गई। जांच के दौरान पैथोलॉजी सेंटर पर मरीजों से खून के नमूने लिए जा रहे थे। कलेक्शन संचालक से रजिस्ट्रेशन संबंधी कागजात दिखाने को कहा गया। हालांकि वे रजिस्ट्रेेशन संबंधी या सैंपल कलेक्शन संबंधी कोई कागजात नहीं दिखा सके। बिना रजिस्ट्रेशन के लैब सेंटर चलते हुए मिलने पर उसे सील कर दिया गया। इसके बाद स्वास्थ्य की टीम इसी रोड पर ही स्थित पैथोलॉजी लैब पर पहुंची। वहां भी मरीजों के खून के सैंपल लिए जा रहे थे। इस लैब के संचालक से रजिस्ट्रेशन संबंधी कागजात दिखाने को कहा तो वह भी इधर-उधर देखने लगा और कोई कागजात नहीं दिखा सके। एसीएमओ डॉक्टर अशोक हांडा ने बताया कि बिना रजिस्ट्रेशन के चल रही दोनों पैथोलॉजी लैब को सील कर दिया गया है। एसीएमओ ने बताया कि लैब संचालकों को एक सप्ताह का समय दिया गया है। इस दौरान अगर वे रजिस्ट्रेशन संबंधी कागजात दिखा नहीं पाते तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। छापामारी के दौरान स्वास्थ्य टीम में एसीएमओ के साथ अजय कुमार और अमित शर्मा आदि मौजूद रहे। उधर, स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से लैब संचालकों में हड़कंप मचा रहा। एसीएमओ डॉक्टर अशोक हांडा ने कहा कि पैथोलॉजी लैब की जांच कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।