ऊन। कस्बे के बाइपास मार्ग स्थित प्रस्तावित थाने की सरकारी भूमि पर सात अगस्त की रात कब्जे के प्रयास का आरोप लगा है। कस्बावासियों के अनुसार कॉलोनाइजर जेसीबी और डंपर लेकर पहुंचा और थाने का बोर्ड उखाड़कर भूमि पर मिट्टी डालने लगा। विरोध होने पर पुलिस के पहुंचते ही जेसीबी और डंपर लेकर लोग चले गए।
शनिवार को कस्बावासियों और जन उत्थान सेवा समिति ने पुलिस महानिदेशक के नाम चौकी प्रभारी विपिन मलिक को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई और भूमि की चारदीवारी कराने की मांग की। कार्रवाई न होने पर 13 अगस्त से अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी दी गई है। एसडीएम दीपिका मेहर ने कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाएगा।