शामली/कैराना। सहारनपुर जिले की एटीएस ने शामली और कैराना में कई स्थानों पर स्थानीय पुलिस के साथ दबिश देकर आईएसआई गतिविधियों में संलिप्त होने के शक में महिला समेत पांच लोगों को उठाया है। महिला शामली की रहने वाली है जबकि अन्य चार लोग कैराना के निवासी हैं। एटीएस सभी को अपने साथ ले गई है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। हालाकि देर शाम सभी को पुलिस ने पूछताछ के बाद छोड़ दिया।
सहारनपुर जिले की एटीएस मंगलवार सुबह करीब पांच बजे जिले में पहुंची। बताया गया कि टीम को शामली व कैराना में कई लोगों के देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने की सूचनाएं मिली थी। टीम पहले कैराना कोतवाली पहुंची। स्थानीय पुलिस के साथ टीम ने मोहल्ला खुरगान रोड व मोहल्ला इमामबाड़ा में दबिश दी। यहां से तीन लोगों को पकड़ा। इसके बाद गांव नंगलाराई खेड़ा में दबिश देकर वहां से एक व्यक्ति को पकड़ लिया। पकड़े गए सभी चारों लोगों को कैराना कोतवाली ले गई और उनसे आधा घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की गई।
इसके बाद टीम शामली पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ मोहल्ला बरखंडी बूढ़ाबाबू में दबिश देकर एक महिला को हिरासत में लिया। महिला मूल रूप से कैराना की रहने वाली है। वह शामली में करीब 18 वर्ष से अपने पति व बच्चों के साथ रहती है। एटीएस ने महिला से कोतवाली ले जाकर पूछताछ की। इसके बाद टीम महिला समेत सभी पांच लोगों को अपने साथ ले गई। बताया गया है कि पकड़े गए सभी लोगों को आईएसआई कनेक्शन के शक में पकड़ा है, जिनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि एटीएस सहारनपुर की टीम ने कैराना व शामली से महिला समेत पांच लोगों को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। उन्हें किस मामले में ले जाया गया है, यह अभी स्पष्ट नहीं है।