शामली। बैंकों में रविवार की छुट्टी के कारण अधिकतर लोग कैश के लिए एटीएम खंगालते रहे। मगर कैश न मिलने के कारण ज्यादातर मायूस ही लौटे। किसी को कपड़ों की खरीदारी के लिए पैसे नहीं मिल पाए तो किसी को दूध का इंतजाम करने तक को कैश नहीं मिल पाया।
संडे की छुट्टी में लोग यही उम्मीद लगाए थे कि एटीएम में कैश उपलब्ध होगा। लेकिन ऐसा हुआ नहीं। कस्बा झिंझाना, सिलावर के लोग भी शामली के एटीएम पर चक्कर काटते नजर आए। एक्सिस और कार्पोरेशन बैंक के ही एटीएम पर ही कैश डाला गया। लेकिन यहां लंबी कतार के कारण जल्द ही कैश खत्म हो गया।
एक्सिस बैंक पर एक से ज्यादा एटीएम प्रयोग करने से रोकने पर गार्ड बिनोद के साथ भी ग्राहकों की कहासुनी हो गई। पुलिस पहुंचने से पहले ही युवक फरार हो गया। झिंझाना निवासी आयुश कौशिक ने बताया कि कस्बे के सभी एटीएम बंद है। कुछ उम्मीद लेकर शामली आया था। लेकिन यहां भी सभी एटीएम खाली मिले। उसने बताया कि दूध वाले के 1600 रुपये है। जिसके लिए वह कई दिनो से पैसे न मिलने पर दूध बंद करने के लिए कह रहा है। वहीं थोडे़ पैसे दुकान वाले के हैं। उसने भी उधार देना बंद कर दिया।
दो युवतियों साक्षी और शैफाली ने बताया कि शादी के लिए कुछ कपडे़ खरीदने थे। लेकिन पूरे शहर में रिक्शा से चक्कर काटने के बाद कहीं कैश नही मिल सका। नितिन सिलावर ने बताया कि गंाव में एक ही एटीएम आंध्रा बैंक का है जो आज तक नही खुला। जिसके बाद परेशान होकर शामली की चला था। लेकिन शहर में किसी भी एटीएम पर कैश नही मिला। घर का सामान लेकर जाना था। यही हाल अन्य ग्राहकों का रहा।