शामली। सर्दी बढ़ने के साथ ही घने कोहरे ने सड़क यातायात में परेशानी पैदा कर दी है। कई स्थानों पर कोहरे के कारण सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के कारण हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
वाहन चालकों को रास्ते पर खड़े इन भारी वाहनों के बारे में सही से जानकारी नहीं मिल पाती, जिससे दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। इस ओर यातायात विभाग और परिवहन विभाग के अधिकारियों का कोई ध्यान नहीं हैं। वाहन चालक राहुल व रोहित का कहना है कि कोहरे में गाड़ी चलाना पहले से ही चुनौतीपूर्ण होता है और अगर सड़क किनारे खड़े वाहन पर्याप्त लाइटिंग और संकेतों के बिना होते हैं तो यह और भी खतरनाक हो सकता है।
संजीव व अनिल का कहना है कि कोहरे के दौरान सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों को सतर्कता के साथ खड़ा किया जाना चाहिए। कई बार इन वाहनों का पर्याप्त चेतावनी संकेत या रोशनी नहीं होती, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना और बढ़ जाती है। शुक्रवार को शहर के मार्गों पर पड़ताल की तो कोहरे के दौरान भी वाहन सड़क किनारे खड़े मिले।