सीएमओ कार्यालय पर धरना देती आशा-संगिनी कार्यकर्ता। स्रोत संगठन
- फोटो : असगर फाइल फोटो
शामली। आशा एवं संगिनी कर्मचारी संघ के बैनर तले आशा और संगिनी कार्यकर्ताओं का कार्य बहिष्कार शनिवार को 17वें दिन भी जारी रहा। कार्यकर्ताओं ने सीएमओ कार्यालय पर धरना दिया। इस दौरान पांच कार्यकर्ता अनशन पर रही।
आशा और संगिनी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने समेत कई मांगों को लेकर आंदोलन कर रही है। सीएमओ कार्यालय पर शनिवार को भी आशा व संगिनी कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन किया। आशा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि शासन द्वारा कोई सुनवाई न किए जाने पर पांच आशा कार्यकर्ता अनशन पर रही। संघ की जिलाध्यक्ष डोली चौधरी ने कहा कि मांगें पूरी होने तक अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार जारी रहेगा। उन्होंने आशा और आशा संगिनी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने के अलावा यात्रा के दौरान होने वाले आर्थिक नुकसान की भरपाई, नियुक्ति पत्र जारी करने और आपातकालीन स्थिति में काम करने पर 700 रुपये प्रतिदिन मानदेय देने की मांग उठाई। उन्होंने पिछले 80 दिनों के बकाया मानदेय का भुगतान कराने की भी मांग करते हुए मांगों को पूरा होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।
इस अवसर पर पूनम, पूजा, मुनेश, ओमवती, तारावती, गीता, नरेशो, नफीसा, जमीला, रोजी, मुनेश, राजेश, अनीता, डोली, रेखा, सीमा, बबीता, बबली, अंजू, पिंकी और सीता आदि मौजूद रही।