शामली। जिले के स्वास्थ्य विभाग में आशा और सीएचओ को बिना ड्यूटी दिए ही मानदेय का भुगतान किया जा रहा है। इसका खुलासा होने पर डीएम ने सीडीओ को जांच सौंपी है। उधर, सीएचसी शामली में बाहर से अल्ट्रासाउंड कराने का मामला पकड़े जाने पर चिकित्सक और स्टाफ नर्स के खिलाफ को कार्रवाई करने के लिए सीएमओ को निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार का एक और मामला सामने आया है। इसमें कई आशा और सीएचओ को बिना ड्यूटी किए ही मानदेय का भुगतान कई माह से किया जा रहा है। डीएम ने बताया कि इस तरह के कई मामले सामने आए हैं। उन्होंने बताया इसकी जांच सीडीओ विनय कुमार तिवारी को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
इससे पहले सीएचसी शामली में बाहर अल्ट्रासाउंड कराने और चिकित्सकों द्वारा महंगी दवा लिखने के मामले में डीएम ने बताया कि इस प्रकरण में सीएमओ डॉ. अनिल कुमार को चिकित्सक और स्टाफ नर्स के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।