शामली/गढ़ीपुख्ता/बाबरी/चौसाना/थानाभवन/जलालाबाद। जिले में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बृहस्पतिवार को धूमधाम से मनाया गया। पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा। मंदिरों को रंग बिरंगी रोशनी से सजाया गया और झांकियां सजाई गईं। श्रद्धालुओं ने व्रत रखा और घरों में लड्डू गोपाल को सजाया। मध्य रात्रि में श्रीकृष्ण का जन्म होते ही मंदिरों में हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की, नंद के घर आनंद भयो से गूंज उठे।
शामली के शिव मंदिर गुलजारी वाला, मंदिर हनुमानधाम, भाकूवाला, सती वाला मंदिर, रेशमी कटहरा गंगा मंदिर, कुटी वाला मंदिर, रेलवे रोड सत्यनारायण मंदिर, रघुनाथ मंदिर को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर आकर्षक ढंग से सजाया गया। श्री मंदिर हनुमान टीला हनुमानधाम पर श्री राधा कृष्ण मंदिर के प्रांगण में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर पूरे विधि-विधान के साथ पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें पंचाग पूजन किया गया। इसके पश्चात भगवान श्री कृष्ण के बाल स्वरूप का शुभ मुहूर्त में प्राकट्य हुआ। भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष के साथ पंचामृत स्नान हुआ व अभिषेक किया गया। इस शुभ अवसर पंडित विनेश वशिष्ठ, मोहित वशिष्ठ, देवानंद शास्त्री, अरुण गौड़, वीरेंद्र ओझा, वीरेंद्र द्विवेदी आदि ने मंत्रोचारण के साथ पूजा पाठ कराया। मुख्य यजमान मंदिर समिति के अध्यक्ष सलिल द्विवेदी रहे। पूजन के पश्चात सामूहिक रूप से ठाकुर की महाआरती की गई। इसके बाद प्रसाद एवं चरणामृत का वितरण हुआ। इस अवसर पर मंदिर समिति के सचिव राजकुमार मित्तल, प्रतीक अग्रवाल, संदीप नामदेव, वंश नामदेव, शिवम गिरी, गुरु शरण रोहिल्ला, नमन कर्णवाल, अमित प्रजापति, मोंटी शर्मा, अमित गर्ग, अश्वनी गुप्ता, भोला शर्मा, मनु शर्मा आदि लोग उपस्थित रहे।
गढ़ीपुख्ता कस्बा व क्षेत्र में जन्माष्टमी का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता देखने को मिला। लोगों ने घरों में रहकर श्री कृष्ण भगवान की पूजा अर्चना कर व्रत रखा। श्री कृष्ण भगवान से पूरे देश की खुशहाली व परिवार की सुख शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान मंदिर में राधा-कृष्ण की मूर्ति को सजाया गया। देर रात मंदिरों व मोहल्ला जैनपुरी, शिवपुरी, गोगा मेडी पर भजन कीर्तन का कार्यक्रम हुआ, जिसमें बच्चों की सुंदर सुंदर झांकियां देखने को मिलीं। इस मौके पर राधा-कृष्ण जी के वेश में नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर बड़े बच्चों ने भी नृत्य किया। रंग बिरंगी ड्रेस में सभी बच्चे मनमोहक लग रहे थे। मध्य रात्रि के समय भगवान श्री कृष्ण की आरती के उपरांत व्रत खोला गया। कस्बा व क्षेत्र में मंदिर रंग बिरंगी लाइटों से सजे रहे। श्रद्धालुओं ने श्री कृष्ण के लिए व्रत रखा और घरों में मिठाइयां बनाई गईं। मध्यरात्रि श्री कृष्ण भगवान की पूजा अर्चना कर महाआरती के बाद व्रत खोला गया। इस मौके पर केक काटकर सभी को प्रसाद वितरण किया गया।
बाबरी के झण्डा चौक स्थित सनातन धर्म मंदिर से शोभा यात्रा का शुभारंभ रिबन काटकर किया गया। शोभायात्रा में बैंड बाजे के साथ लव कुश यज्ञ के घोड़े की लगाम पकड़े हुए आगे चल रहे थे शोभायात्रा में आठ झांकियां लड्डू गोपाल, पंचमुखी हनुमान, राधा-कृष्ण, शिव शंकर, रामदरबार, यशोदा कृष्ण आदि शामिल रहीं। मेन बाजार, भारत माता चौक, हरिजन बस्ती, वाल्मीकि बस्ती, पाल धर्मशाला, होली चौक, कुरैशी बस्ती होते हुए शोभायात्रा का झण्डा चौक पर समापन हुआ। शोभायात्रा का ग्रामीणों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। इस दौरान योगेश सैनी, मास्टर चमन लाल, रामसेवक कश्यप, योगेंद्र सैन, रजनीश कुमार आदि मौजूद रहे।
चौसाना कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। लड्डू गोपाल को गोटेदार व रंग-बिरंगे वस्त्र पहनाकर इलेक्ट्रानिक झालरों व फूलों सजाया गया था। महिलाओं ने भजन-कीर्तन के साथ कान्हा का जन्मदिन मनाया। मंदिरों में भव्य सजावट रही। झूला, बांसुरी, मोर के पंख से अपने-अपने कान्हा को सजाया था। बड़े-बुजुर्गों के साथ बच्चे भी व्रत रहे। इसके अलावा नदी स्थित शिव मन्दिर के प्रबंधक गौतम के नेतृत्व में भगवान कृष्ण संग राधा सहित अन्य देवी देवताओं की सुंदर झांकियों के साथ शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इसमें डीजे पर भक्तजन थिरके। वहीं चौसाना के हनुमान धाम को रंग बिरंगी लाइटों से सजाया गया और रात्रि में जागरण का आयोजन हुआ। सहारनपुर से आई गायिका सोनिया सैनी ने कान्हा के मधुर भजन का गुणगान किया। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस व पीएसी बल मौजूद रहा।
थानाभवन कस्बा व क्षेत्र में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया। मंदिरों को सजाया गया। सभी मंदिरों में सुन्दर-सुन्दर झांकियां आकर्षण का केन्द्र रहीं। घर परिवारों में लड्डू गोपाल को झूलों में झुलाया गया। नगर पचायत ने मंदिरों के आसपास विशेष सफाई व्यवस्था कराई।आश्रम पचतीर्थी में भगवान हनुमान माता शेरावाली, कृष्ण भगवान, शंकर भगवान का महाकाल रूप की झांकियां लगाई गई। बजाज शुगर मिल परिसर में अक्षर धाम की शैली मे बने मन्दिर को विशेष रूप से सजाया गया। मंदिर ठाकुरद्वारा श्री बाला जी धाम शिव मन्दिर मुजावरान, शिव मन्दिर मोहल्ला खेल हनुमान मंदिर, पुलिस चौकी हनुमान मंदिर हकीमान, दयाल आश्रम, मंदिर कचोरी नाथ आदि को विशेष रूप से सजाया गया।
उत्साह से मनाया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व
जलालाबाद के गांव हसनपुर लुहारी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर भक्तों में खासा उत्साह रहा। मेन बाजार झंडा चौक स्थित प्राचीन शिव मंदिर सहित अन्य सत्यनारायण मंदिर, शिव मंदिर बस स्टैंड को आकर्षक ढंग से सजाया गया। सुबह से ही मंदिरों में भजन-कीर्तन शुरू हो गया था। श्री बांके बिहारी का अभिषेक पूजन किया गया। मंदिर में महिला मंडली ने भजन-कीर्तन प्रस्तुति दी। यहां 56 भोग लगाया गया। रात 12 बजते ही शंखनाद के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। प्राचीन शिव मंदिर में आए निशांत पाठक शामली ने भजन की प्रस्तुति दी। वहीं सत्यनारायण मंदिर में भी कलाकारों ने सास्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये। बस स्टैंड शिव मंदिर में छोटे-छोटे बच्चों को राधा-कृष्ण बनाया गया। वहीं मंदिर में खाटू श्याम की भी झांकी आकर्षण का केंद्र बनी रही। पर्व को लेकर कृष्ण भक्तों में उत्साह देखने को मिला। इस दौरान रामपाल, बलवीर सिंह, अजय कुमार, संजय सैनी, प्रवीण मास्टर, लव कुमार, सोनू, दीपक गुप्ता, नवीन शर्मा, आकाश सिंघल, गौरव सिंघल, सौरव सिंघल, टीकू कश्यप, नंदलाल सैनी, संजय गुप्ता आदि का सहयोग रहा