मुजफ्फरनगर, गढ़ीपुख्ता। ऊन तहसील क्षेत्र के गांव हथछोया में स्थित देवस्थली विद्यापीठ डिग्री कालेज में विश्व वानिकी दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रेमकुल मिशन ट्रस्ट की संस्थापक पिंकी पंवार ने कहा कि जब तक वन हैं, तब तक जीवन है। वन के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती है।
देवस्थली विद्यापीठ के प्रधानाचार्य सुनील कुमार ने कहा कि इस वर्ष विश्व वानिकी दिवस थीम ‘वन और सतत उत्पादन तथा खपत है’ जिसके बारे में छात्रों को समाज में जागरूकता अभियान चलाने की जरूरत है। गुरुकुल के प्रधानाचार्य ब्रह्मपाल सिंह ने कहा कि वनों और जंगलों में पेड़ों की होती अंधाधुंध कटाई के कारण ही आज पृथ्वी गहरे संकट में पड़ गई हैं। जिसके कारण आज पृथ्वी प्राकृतिक आपदाओं और ग्लोबल वार्मिंग जैसी समस्याओं से जूझ रही है। विद्यार्थियों ने पौधरोपण कर उनकी देखभाल का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में रूबी पंवार, अपूर्वा वर्मा, विकास वर्मा, नरेंद्र कुमार, प्रियंका, ज्योति, राकेश कुमार, कपिल शर्मा, संदीप पंवार शामिल रहे। कार्यक्रम का आयोजन सेंटर फॉर कंफ्लिक्ट एंड पीस रिसर्च और फ्रेंड्स ऑफ एनवायरमेंट एनीमल्स एंड पीस दिल्ली के सहयोग से किया गया।