शामली। नगर पालिका परिषद शामली के पूर्व चेयरमैन अरविंद संगल ने एक बार फिर लायंस क्लब इंटरनेशनल के डायरेक्टर का चुनाव जीत लिया। पूर्व में भी वह तीन बार इस चुनाव को जीत चुके हैं। लायंस इंटरनेशनल में प्रतिवर्ष हिंदुस्तान का प्रतिनिधित्व के लिए दो लोगों का इंटरनेशनल डायरेक्टर के रूप में चुनाव होता है। डिस्ट्रिक्ट 321 सी-1 में मसूरी से रामपुर स्टेट, रामपुर स्टेट से नोएडा और नोएडा से फिर कोटद्वार पांच राजस्व मंडलों को मिलाकर बना है।
इस डिस्ट्रिक्ट में विभिन्न शहरों में मिलाकर 159 क्लब आते हैं। इन क्लबों में 442 वोट हैं। एक दिन पूर्व ही उत्तराखंड के मसूरी में गवर्नर लायन अजय कुमार (गाजियाबाद) की देखरेख और चुनाव अधिकारी पूर्व गवर्नर लायन विनोद शर्मा हरिद्वार की मौजूदगी में चुनाव प्रक्रिया समिति बनाई गई। जिसका नेतृत्व लायन आलोक भटनागर पूर्व गवर्नर मेरठ ने किया।
चुनाव में 301 वोटरों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शामली से अरविंद संगल और गाजियाबाद से डॉ. अरुण मित्तल के बीच हुआ मुकाबला हुआ। 301 वोटों में से सात वोट निरस्त हुए, जबकि 294 वोट सही पड़े। उनमें से अरविंद संगल को 175 वोट मिलने पर लायंस डिस्ट्रिक्ट 321 सी-1 का डायरेक्टर चुना गया।
गौरतलब है कि अरविंद ने 2008, 2010 और 2014 में भी यह चुनाव जीता था। चुनाव के दौरान मौके पर मुख्य रूप से शामिल होने वालों में पूर्व अंतर्राष्ट्रीय डायरेक्टर लायन सुशील अग्रवाल सहारनपुर, पूर्व गवर्नर लायन कुंज बिहारी अग्रवाल मुजफ्फरनगर, पूर्व गवर्नर लायन हरीश जैन मेरठ, पूर्व गवर्नर लायन अनीता गुप्ता देहरादून, पूर्व गवर्नर लायन एसके चौधरी गाजियाबाद, योगेश नरूला मुरादाबाद, संजीव अग्रवाल रामपुर, सुशांत जैन सहारनपुर, गौरव गर्ग मसूरी, रजत अग्रवाल, सोमेश गर्ग, अंकुर गोयल, अनूप तायल, डॉ. अर्जुन वर्मा, डॉ. निलेश वशिष्ठ, सचिन गोयल, प्रदीप विश्वकर्मा, आरके तोमर, विवेक मित्तल, अमित पंवार, मनोज आर्य और सतेंद्र मलिक आदि उपस्थित रहे।