निजी अस्पतालों में शुरू नहीं हुई सतर्कता डोज लगाने की व्यवस्था
शामली। एनसीआर में कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है, लेकिन जिले के निजी अस्पतालों में कोरोनारोधी सतर्कता डोज लगाने की व्यवस्था शुरू नहीं हुई है। स्वास्थ्य विभाग की कोशिश के बाद भी अभी तक कोई निजी अस्पताल सतर्कता डोज लगाने को तैयार नहीं हुआ है। 60 साल से कम आयु के लोगों को सतर्कता डोज शुल्क देना होगा, जबकि बुजुर्गों को सरकारी अस्पतालों में सतर्कता डोज नि:शुल्क लगाई जा रही है।
सरकार ने इस महीने कोरोना से बचाव के लिए सतर्कता डोज लगाने के बदले शुल्क लेने का निर्णय लिया है। हालांकि 60 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों, स्वास्थ्यकर्मियों और अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों को सरकारी अस्पतालों में नि:शुल्क सतर्कता डोज लगाई जाएगी जबकि 60 वर्ष से कम आयु के लोगों को निजी अस्पतालों में सतर्कता डोज लगवानी होगी और इसके बदले 386.25 रुपये का शुल्क देना होगा। इसमें 150 रुपये निजी अस्पताल को मिलेंगे।
सरकार की गाइड लाइन के अनुसार उन निजी अस्पताल में टीकाकरण की व्यवस्था की जानी है, जहां पर कोल्ड चेन है। जिले में ऐसे कई निजी अस्पताल है जहां पर कोल्ड चेन है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इसके लिए निजी अस्पतालों से संपर्क किया, लेकिन अभी तक कोई भी अस्पताल संचालक सतर्कता डोज लगाने को तैयार नहीं हो सका है। निजी अस्पताल संचालकों का मानना है कि अगर वे सतर्कता डोज लगाने की व्यवस्था करते हैं तो हो सकता है कि शुल्क की वजह से लोग सतर्कता डोज लगवाने वाले कम आ आएं तो ऐसे में वैक्सीन खराब होने का डर रहेगा, जिससे उन्हें नुकसान हो सकता है।
आइएमए के पदाधिकारियों और निजी अस्पताल संचालकों से सतर्कता डोज लगाने के लिए वार्ता की गई है, लेकिन अभी तक कोई संचालक सतर्कता डोज लगाने को तैयार नहीं हुआ है। उनकी तरफ से निजी अस्पतालों में सतर्कता डोज लगाने की व्यवस्था शुरू करने की कोशिश चल रही है।
- डॉ. आरके सागर, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी।
निजी अस्पताल संचालकों से सतर्कता डोज लगाने की व्यवस्था के लिए बात की गई है। दो-तीन संचालक इसके लिए तैयार भी हैं, लेकिन अभी तक स्वास्थ्य विभाग के साथ कुछ प्रक्रिया होनी बाकी है। अभी तक किसी अस्पताल में सतर्कता डोज लगाने की व्यवस्था शुरू नहीं हुई है।
- डॉ. अकबर खान, अध्यक्ष आईएमए शामली।
जिले में अब तक टीकाकरण की स्थिति
आयु वर्ग लक्ष्य पहली डोज दूसरी डोज बूस्टर डोज
18 वर्ष से अधिक 938154 968990 769347 12848
15 से 18 वर्ष 95970 99451 86997 शून्य
12 से 14 वर्ष 57963 29629 130 शून्य