शामली। विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) के चुनाव के लिए जिले में शांतिपूर्वक मतदान संपन्न हो गया। सुबह आठ बजे से शुरु होकर सायं चार बजे तक जिले भर में 83 प्रतिशत मतदान हुआ। जिलाधिकारी और एसपी अपनी टीम के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेते रहे।
जिले में एमएलसी चुनाव के लिए पांच मतदान केंद्र बनाए गए थे। शामली, ऊन, थानाभवन में ब्लाक कार्यालयों पर, तो कांधला और कैराना में नगर पालिका कार्यालय में मतदान कराया गया। बृहस्पतिवार को सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हुआ, जिसमें 10 बजे के बाद तेजी आई। जिलाधिकारी ओपी वर्मा, एसपी विजय भूषण और अन्य अधिकारियों ने सभी पांचों मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान की स्थिति का जायजा लिया और आला अफसरों को रिपोर्ट भेजी।
वहीं, चुनाव प्रेक्षक भी मतदान केंद्रों पर भ्रमण करते रहे। जिले भर में 819 मतदाता हैं, जिनमें से 682 मतदाताओं ने वोट डाले, जो करीब 83 प्रतिशत होता है। 139 मतदाता किन्हीं कारणों से अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर सके।
प्रमुख लोगों ने डाले वोट
भाजपा सांसद हुकुम सिंह, सपा विधायक नाहिद हसन, पालिका चेयरमैन राशिद अली और ब्लाक प्रमुख नफीसा ने कैराना नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर मतदान किया। भाजपा विधायक सुरेश राणा, थानाभवन नगर पंचायत चेयरमैन संजय शर्मा, जलालाबाद रमा अशरफ और ब्लाक प्रमुख गीता देवी ने थानाभवन ब्लाक कार्यालय पर मतदान किया। वहीं, कांग्रेस विधायक पंकज मलिक, पूर्व सांसद तबस्सुम हसन, जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष देवी, जिला पंचायत सदस्य मनीष चौहान, पंजाब सिंह, अनिल टीनू, शेर सिंह राणा सहित अन्य सदस्यों ने शामली ब्लाक कार्यालय पर मतदान किया। वहीं, सपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह, कांधला चेयरमैन वाजिद हसन, ब्लाक प्रमुख हरविंदर सिंह सहित अन्य नेताओं ने कांधला पालिका कार्यालय में मतदान किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष देवी की लालबत्ती लगी कार से वोटरों को शामली ब्लाक कार्यालय पर लाया। खास बात यह है कि उस दौरान कार में जिला पंचायत अध्यक्ष मौजूद नहीं थीं। इसकी जानकारी होने पर सीओ सिटी निशांक शर्मा ने कार से लालबत्ती उतरवाई और कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष को ही लालबत्ती लगी कार में चलने का अधिकार है।
पुलिस के सामने ही वोट डाल गए हत्यारोपी
बीडीसी सोनू हत्याकांड में बाबरी थाने पर जिला पंचायत सदस्य अनिल टीनू और शेर सिंह राणा सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस रिकार्ड में अनिल टीनू और शेर सिंह राणा फरार चल रहे हैं, लेकिन बृहस्पतिवार को दोनों जिला पंचायत सदस्यों ने पुलिस की मौजूदगी के बीच ही शामली ब्लाक कार्यालय पहुंचकर मतदान किया।
पांच गांव के प्रधान नहीं दे पाए वोट
कैराना। एडीओ (पंचायत) धर्म सिंह ने बताया मानक से कम ग्राम पंचायत सदस्यों के कारण पूर्व में कंडेला, हिंगो खेड़ी, मलकपुर, मंडावर और जंधेडी के ग्राम प्रधान शपथ नहीं ले पाये थे। उप चुनाव के बाद चार दिन पहले पांचों गांव के प्रधानों को विकास खंड कार्यालय में शपथ दिलाई, लेकिन एमएलसी चुनाव के लिए इनकी वोट नहीं बन सकी।