एटीएस द्वारा पकडे़ गए हथियार सप्लायर के आरोपियों को शामली में कैराना कोर्ट में पेश करने के लिए ले
- फोटो : SHAMLI
शामली/कैराना। शामली में एटीएस द्वारा खालिस्तानी आतंकवादियों के मॉड्यूल को हथियार और गोला बारूद सप्लाई करने के आरोपी और उसके साथी को पुलिस की कड़ी सुरक्षा में कैराना कोर्ट में पेश किया। कोर्ट से दोनों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
शनिवार को एटीएस ने आदर्श मंडी थानाक्षेत्र में शामली के गुरुद्वारा तिराहा से राजसिंह और आसिफ निवासी गांव गोगवान जलालपुर थाना बाबरी को गिरफ्तार किया था। राजसिंह के कब्जे से पिस्टल, चार कारतूस और आसिफ के कब्जे से तमंचा दो कारतूस बरामद होने पर थाना आदर्श मंडी पर दोनो के खिलाफ एटीएस के सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार की तरफ से आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस के मुताबिक राजसिंह और उसके साथी खालिस्तानी आतंकवादी के मॉड्यूल को हथियार और गोला बारूद सप्लाई करने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही वे एटीएस की पकड़ में आ गए। कुछ दिन पहले पंजाब में खालिस्तान आतंकी संगठन का मॉडयूल चलाने के आरोपी लखवीर सिंह के पकड़े जाने पर पुलिस को यह जानकारी मिली थी। इस मामले में आरोपी राजसिंह को पंजाब में थाना स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, एसएएस नगर मोहाली में दर्ज मुकदमे में वांछित होना बताया गया। रविवार को आदर्श मंडी थाने के एसआई नंदकिशोर के नेतृत्व में पुलिस की कड़ी सुरक्षा में दोनों आरोपियों को कैराना कोर्ट में पेश किया। आदर्श मंडी थाने के एसएसआई कार्यवाहक प्रभारी मीरपाल तेवतिया ने बताया कि एटीएस द्वारा पकड़े गए दोनों आरोपी राजसिंह और आसिफ को कैराना कोर्ट में पेश किया गया, जहां से दोनों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।