शामली में डीएम से स्कूल प्रबंधकों की शिकायत करते कांग्रेसी
- फोटो : amar ujala
शामली। प्राइवेट स्कूलों की मनमानी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट में डीएम सुजीत कुमार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अभिभावकों को राहत दिलाए जाने की मांग की है।
बृहस्पतिवार को पार्टी के जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डीएम से मिलकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन में अवगत कराया कि शामली जिले में सीबीएसई एवं आईसीएससी से संबद्ध स्कूलों में हर वर्ष वार्षिक शुल्क, बिल्डिंग फीस और अन्य शुल्कों के रूप में अभिभावकों से भारी रकम वसूली जा रही है।
ट्रांसपोर्ट के नाम पर स्कूलों में सैकड़ों बस और वैन अवैध रूप से चल रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्कूल मालिकों पर आरोप लगाया कि वह अभिभावकों पर निर्धारित दुकानों से खरीदारी करने के लिए विवश करते हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं ने अभिभावकों के हित में जिले में एसडीएस, डीओआईएस के साथ- साथ एक कमेटी नियुक्त करके समस्याओं का हल कराने की मांग की। डीएम को ज्ञापन देने वालों में बाबू खां, ओमवीर उपाध्याय, राजेश कश्यप, राधेलाल शर्मा, विनोद शर्मा, जेके जैन एडवोकेट, अशोक जैन, प्रवीण पांचाल आदि कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।