शामली। रविवार को दिवाली के बाद हवा प्रदूषित होनी शुरू हो गई है। रविवार रात और सोमवार सुबह आसमान में स्मॉग की धुंध छाई रही। जिले का एक्यूआई 283 तक पहुंच गया। चिकित्सकों ने हृदय और सांस रोगियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
दिवाली का रविवार को जमकर आतिशबाजी हुई। सोमवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 283 पर पहुंच गया। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार अखौरी ने बताया कि स्मॉग से आंखों में जलन, सांस संबंधी परेशानियां, फेफड़ों में संक्रमण, घबराहट, सिरदर्द, तनाव, अनिद्रा, चिड़चिड़ापन और त्वचा संबंधी बीमारियां बढ़ने की संभावना रहती है। लोगों को इस तरह के मौसम में लोगों को खासतौर से हृदय व सांस के रोगियों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
उधर, सोमवार का अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि मंगलवार को मौसम शुष्क रहने के आसार है।
ये बरतें सावधानी
सुबह-शाम टहलने से बचें, घरों की खिड़कियां-दरवाजे बंद रखे।
घर के बाहर निकलते समय मुंह पर रूमाल या मास्क लगाएं
प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए हरी सब्जियों व पौष्टिक आहार का सेवन करें।
बाहर से आने पर गुनगुने पानी से मुंह, आंखें और नाक साफ करें।
अस्थमा और दिल के मरीज अपनी दवाएं समय पर नियमित रूप से लेते रहें।