शामली। प्रदेश के गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य आयुष्मान भारत योजना देश के उन गरीबों के लिए है, जो गरीबी के कारण गंभीर बीमारी होने पर उपचार नहीं करा पाते हैं। अब जन आरोग्य योजना में देश के 50 करोड़ लोगों को प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक का निशुल्क उपचार कराने की सुविधा मिलेगी।
रविवार को शामली कलक्ट्रेट में गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा, विधायक तेजेंद्र निर्वाल और जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान गन्ना विकास राज्य मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि पूर्व की केंद्र सरकारें गरीबों के दुख से ज्यादा चुनिंदा घरानों के लिए ही कार्य करती थीं। गरीब के परिवार में यदि कोई गंभीर बीमारी हो जाती थी, तो वह बीमारी का उपचार कराने में असहाय रहता था, मगर अब कोई गरीब खुद को लाचार नहीं समझेगा। उन्होंने कहा कि चाय बेचने वाला देश का प्रधानमंत्री बना, तो गरीबों की चिंता करते हुए कार्य होने लगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में प्रदेश भी लगातार तरक्की कर रहा है। शौचालय निर्माण हों या फिर प्रधानमंत्री आवास योजना, सभी में प्रदेश नंबर वन पर आ गया है। दूध और चीनी उत्पादन में भी यूपी ने दूसरे राज्यों को पछाड़ दिया है।
शामली से भाजपा विधायक तेजेंद्र निर्वाल ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार कोई सरकार इतनी संवेदनशील है। आयुष्मान भारत योजना में देश के 50 करोड़ लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं के लाभ से जोड़ने पर दुनियाभर की निगाहें भारत पर टिक गई हैं, क्योंकि दुनिया के किसी देश में इतनी बड़ी संख्या में लोगों को किसी योजना का लाभ दिलाने वाली योजना लागू नहीं हुई। वहीं, जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने भी आयुष्मान भारत योजना के बारे में विस्तार से बताया। इसके अलावा कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का झारखंड से सीधा प्रसारण प्रोजेक्टर के माध्यम से दिखाया गया, जबकि प्रदेश सरकार द्वारा आयुष्मान भारत योजना के गाने का प्रसारण भी किया गया। इसके बाद चयनित पात्रों में से 56 को आयुष्मान भारत योजना के गोल्डन कार्ड का वितरण किया गया।
इस दौरान एडीएम केबी सिंह, सीडीओ विवेक त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक अजय प्रताप सिंह, सीएमओ राजकुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन तरार, प्रसन्न चौधरी, डॉ. आरके सगर, ब्लाक प्रमुख के पति जयदेव मलिक, भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय सह संयोजक डाक्टर मनोज चौधरी, अजय संगल, डॉ. सुशील कुमार, डॉ. सफल कुमार, चेयरमैन राजीव बनत, डॉ. सुनील पंवार, कुशांक चौहान आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
जिले के 43845 लोगों को मिलेगा लाभ
शामली। आयुष्मान भारत योजना में 2011 की जनगणना के मुताबिक शहरी क्षेत्र में 22097 और ग्रामीण क्षेत्र के 14545 लोगों का चयन हुआ। इसके अलावा यूपी सरकार की तरफ से पात्रों के चयन के लिए हुए सर्वे में 7203 लोगों का चयन हुआ। इस लिहाज से जिले के 43845 लोगों तक योजना का लाभ पहुंचेगा।
छह सरकारी और दो प्राइवेट अस्पताल में मिलेगी सुविधा
शामली। आयुष्मान भारत योजना के तहत दिए गए गोल्डन कार्ड से परिवार के प्रत्येक सदस्य को पांच लाख रुपये तक निशुल्क चिकित्सा सुविधा मिलेगी। जिले में शामली, कैराना, कांधला, थानाभवन, ऊन और कुडाना सीएचसी के अलावा ग्लोबल शांतिकेयर हॉस्पिटल और गंगा अमृत हॉस्पिटल को पैनल में शामिल किया गया है। अभी सात प्राइवेट हॉस्पिटल और शामिल होने हैं, जिन्होंने आवेदन किया हुआ है। वहीं, जिले में 20 हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर पर बीमारी की जांच की सुविधा मिलेगी। वेलनेस सेंटर पर कम्यूनिटी हेल्थ ऑफिसरों की नियुक्ति होगी, जिसके लिए फिलहाल जीएनएम (जनरल नर्सिंग मिडवाइफ) का कोर्स करने वाले चार लोगों को ट्रेनिंग पर भेजा गया है।