शामली। जल संचयन को लेकर शासन ने महत्वाकांक्षी खेत तालाब योजना शुरू की है। इसका लाभ लेने के लिए संबंधित किसान को पारदर्शी किसान सेवा योजना के पोर्टल पर आवेदन करना होगा।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. हरिशंकर ने बताया कि प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति के किसानों के लिए तीन लघु खेत तालाब का लक्ष्य शासन से निर्धारित हैं। ऑनलाइन बुकिंग कराने पर लघु तालाब का टोकन काटा जाएगा। उसके बाद टोकन मनी जमा करने की सूचना एसएमएस के माध्यम से किसान के पंजीकृत मोबाइल पर भेजी जाएगी। इसमें टोकन मनी जमा करने की अंतिम तिथि प्रदर्शित होगी। निर्धारित तिथि तक टोकन मनी एक हजार जमा न करने दो पर किसान की बुकिंग निरस्त हो जाएगी। प्रतीक्षा सूची में से पहले आओ पहले पाओ के सिद्धांत पर अगले किसान का टोकन कन्फर्म करते हुए टोकन मनी जमा करने का अवसर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जिले में खेत तालाब योजना के लिए सामान्य जाति के कृषकों के लिए नौ लघु खेत तालाब का लक्ष्य मिला है। अनुसूचित जाति के कृषकों के लिए तीन लघु खेत तालाबों का लक्ष्य शासन से निर्धारित है। जिसमें लघु खेत तालाब की अनुदान की धनराशि रुपये 52500/ तीन किस्त में डीबीटी के माध्यम से किसान के खाते में आएगी। प्रथम किस्त 50 प्रतिशत खोदाई शुरू होने पर, द्वितीय किस्त 25 प्रतिशत कच्चा कार्य पूर्ण होने पर और तीसरी किस्त 25 प्रतिशत पक्के कार्य हेतु दी जाएगी।