शामली। लगभग ढाई साल बाद पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान शुरू हुआ। जिले में 684 बूथ पर पांच साल तक के 2.94 लाख बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। सीएचसी शामली पर सहारनपुर के संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य डॉ. देवेश कुमार ने फीता काटकर व बच्चे को दवा पिलाकर इस कार्यक्रम की शुरूआत की।
रविवार को सीएचसी शामली पर पहुंचे संयुक्त निदेशक डॉ. देवेश कुमार ने कहा कि पल्स पोलियो उन्मूलन अभियान में शून्य से पांच साल तक कोई भी बच्चा पोलियो रोधी दवा पीने से वंचित न रहे। इसके लिए सभी टीमें अपने-अपने क्षेत्र में सभी बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाए। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल कुमार, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. करन चौधरी, सीएचसी के चिकित्साधीक्षक डॉ. दीपक कुमार, हनीफ आदि मौजूद रहे।
थानाभवन सीएचसी पर पूर्व मंत्री सुरेश राणा ने फीता काटकर व बच्चे को पोलियो रोधी दवा पिलाकर पोलियो उन्मूलन कार्यक्रम का उद्घाटन किया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि मार्च 2022 में बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई गई थी। रविवार को सभी 684 बूथों पर शून्य से पांच साल तक के बच्चों को दवा पिलाई गई है। नौ से 13 दिसंबर तक 511 टीम द्वारा घर-घर जाकर और 37 ट्रांजिट टीम बस अड्डों, रेलवे स्टेशन पर और 28 मोबाइल टीम भट्ठों व घुमंतू परिवारों के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाएगी। इसके बाद भी जो बच्चे रह जाएंगे उन्हें 16 दिसंबर को बी टीम द्वारा दवा पिलाई जाएगी।