शामली। अंकित बालियान हत्याकांड में दो शार्प शूटरों के एनकाउंटर के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। एनकाउंटर की खबर सामने आने के बाद से ही विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट और टिप्पणियां की जा रही हैं। अंकित की तेरहवीं के बाद भी लोग उसकी तस्वीरें साझा कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
एनकाउंटर के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की भरमार देखी गई। इन प्रतिक्रियाओं में योगी सरकार और शामली पुलिस की कार्रवाई की सराहना की गई। वहीं, कुछ लोगों ने व्यंग्यात्मक अंदाज में टिप्पणी भी की। कैराना के मनोज कुमार ने लिखा, ‘मेरे देश के पुलिस प्रशासन को सेल्यूट है। हत्यारों के साथ ऐसा ही होना चाहिए था।’ अखिल चौधरी ने भी यूपी पुलिस पर गर्व व्यक्त किया। परविंदर कुमार ने अंकित की तेरहवीं के बाद उसे श्रद्धांजलि अर्पित की।
अंकित की याद में श्रद्धांजलि संदेश और तस्वीरें सोशल मीडिया पर लगातार साझा की जा रही हैं। लोग भावुक संदेशों के साथ अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। दो शार्प शूटरों के एनकाउंटर के बाद पुलिस कार्रवाई को लेकर भी टिप्पणियां जारी हैं। दिनभर सोशल मीडिया पर अंकित हत्याकांड, श्रद्धांजलि और एनकाउंटर चर्चा का विषय बने रहे। यह घटना स्थानीय लोगों के बीच भी बहस का मुद्दा बनी हुई है।