वकीलों ने जताई फर्जी मुठभेड़ की आशंका
तीन नवंबर को पटियाला हाउस कोर्ट के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश-03 सौरभ प्रताप सिंह लालेर की अदालत में आवेदन पर सुनवाई हुई। दोनों आरोपियों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पेश किया गया। उनके अधिवक्ताओं ने अदालत को बताया कि तिहाड़ जेल से शामली ले जाते समय उत्तर प्रदेश पुलिस उन्हें फर्जी मुठभेड़ में मार सकती है। इसी आशंका के चलते आरोपियों ने दिल्ली से शामली आने और वापस जाने के दौरान विशेष सुरक्षा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
आवेदन में पेशी की वीडियोग्राफी कराने, बुलेटप्रूफ जैकेट पहनाने और हाथों में हथकड़ी व पैरों में बेड़ियां लगाने की मांग भी की गई थी।
जेल अधिकारियों और डीसीपी को सुरक्षा के निर्देश
अदालत ने आरोपियों की मांग और परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें हथकड़ी और बेड़ियां लगाकर ले जाने तथा बुलेटप्रूफ जैकेट पहनाने का आदेश दिया। जेल अधिकारियों और संबंधित डीसीपी को निर्देश दिए गए हैं कि तिहाड़ जेल से शामली लाने और पेशी के बाद वापस जेल पहुंचाने तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। किसी भी अप्रिय घटना से बचाव सुनिश्चित करने के लिए आदेश की प्रति जेल अधीक्षक और संबंधित पुलिस अधिकारियों को तत्काल भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।
शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक और जांच अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि योगेश और दीपक की 12 नवंबर को कैराना न्यायालय में पेशी है। तिहाड़ जेल में बंद दोनों आरोपियों को दिल्ली पुलिस न्यायालय में पेश करेगी। अदालत ने दिल्ली पुलिस को उनकी सुरक्षा के संबंध में आदेश जारी किए हैं।
ये था मामला
गायक अंकित बालियान की गोली मारकर की थी हत्या
हरियाणवी गायक अंकित बालियान की 26 अगस्त की शाम शामली में आर्यपुरी नाला पटरी पर अंधाधुंध फायरिंग कर हत्या कर दी गई थी। वारदात के पांच दिन बाद पुलिस मुठभेड़ में 50-50 हजार रुपये के इनामी सुमित और मोहित मारे गए थे।
पुलिस हत्या की साजिश के आरोप में सोनीपत निवासी रोहित उर्फ लाडला को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, हत्याकांड में शूटर सत्यम कादियान और आर्यन संधू के अलावा मुख्य साजिशकर्ता गोगी गैंग का राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया वांछित चल रहे हैं। हत्या की साजिश के आरोपी योगेश उर्फ टुंडा और दीपक उर्फ तीतर दूसरे मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं।