राजमिस्त्री की संदिग्ध हालात में मौत
कैराना। पड़ोस में बच्चों के बीच हुए झगडे़ का फैसला कराने गए राजमिस्त्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने पड़ोसियों पर जान से मारने का आरोप लगाया है।
मोहल्ला आल दरमयान निवासी अरविंद (40) राजमिस्त्री का काम करता था। करीब 10-12 दिन पहले अरविंद के बच्चों का पड़ोस के बच्चों के साथ झगड़ा हो गया था। शनिवार दोपहर अरविंद पूर्व में हुए झगडे़ में फैसले के लिए पड़ोसी के घर गया था। अरविंद की पत्नी अनीता ने पुलिस को फोन करके बताया कि पड़ोसी उसके पति को बेहोशी की हालत में उनके घर छोड़ कर चले गए। सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर बेहोश पडे़ अरविंद को सरकारी अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अरविंद की पत्नी का आरोप है कि पड़ोसी पूर्व में हुए बच्चों के झगडे़ मेें फैसले के लिए पैसों की मांग कर रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में कोतवाली प्रभारी यशपाल धामा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मामले में जांच करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।