कांधला। क्षेत्र के गांव खेड़ा कुरतान के ग्रामीणों ने बीडीओ व एडीओ पंचायत पर गलत तरीके से वोट काटने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने ब्लाक कार्यालय पर हंगामा करते हुए वोट जोड़ने की मांग की है। साथ ही समस्या का समाधान न होने पर चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी भी दी है।
बृहस्पतिवार को क्षेत्र के गांव खेड़ा कुरतान के दर्जनों ग्रामीणों ने ब्लाक कार्यालय पर पहुंचकर हंगामा किया। ग्रामीणों का आरोप था कि बीडीओ व एडीओ पंचायत ने उनकी वोट जानबूझकर काट दी है। इस मामले में ग्रामीणों ने कई बार शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ।
आरोप है कि गांव के 38 वोट काटी गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी वोट नहीं जोड़ी गई, तो ग्रामीण चुनाव का बहिष्कार कर देंगे। इस दौरान नौशाद, साबिर, आलिम, सद्दाम, जाबिर, इरफान, फरमान आदि मौजूद रहे। बीडीओ अरुण कुमार का कहना है कि ग्रामीणों के आरोप निराधार है। गांव से उन लोगों की ही वोट कटी है। जो या तो गांव में नहीं है या फिर जिनकी दो जगह वोट बनी है।