शामली। हरियाणावी कलाकार अंकित बालियान की हत्या को लेकर हर तरफ आक्रोश दिखाई दिया। परिजनों व ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम हाउस पर पुलिस से शव छीन लिया और शहर में बीच सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। हंगामे को देखकर बाजार भी जल्दी बंद हो गया। भाजपा एमएलसी विरेंद्र सिंह व बाबा श्याम सिंह भी जाम स्थल पर पहुंच गए। मामले की जानकारी होते ही एडीजी भानु भास्कर, डीआईजी सहारनपुर अभिषेक भी शामली पहुंच गए। रात 11 बजे तक जाम लगा रहा।
अंकित बालियान की हत्या के बाद शहर में चार घंटे तक हंगामा होता रहा। ग्रामीण और परिजन पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर आक्रोश जताते रहे। ग्रामीणों ने कहा कि परिजनों के आने का इंतजार नहीं किया और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए शहर में अफरा तफरी का माहौल बन गया। अन्य दिनों के मुकाबले आसपास की दुकानें, बाजार भी जल्दी बंद हो गए। रात में एमएलसी विरेंद्र सिंह, बहावड़ी निवासी बाबा श्याम सिंह भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिजनों से जानकारी ली। एहतियात के तौर पर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। एसपी एनपी सिंह लगातार स्थिति की निगरानी करते रहे। मेरठ से एडीजी और सहारनपुर से डीआईजी भी शहर कोतवाली पहुंचे और वारदात की जानकारी ली।