शामली। अमेरिका की ओर से लगाए जाने वाले टैरिफ का असर जिले के उद्योगों पर पड़ना शुरू हो गया है। अमेरिका के छह उद्यमियों ने करीब एक करोड़ के ऑर्डर रोक दिए हैं। माल का रेट कम करने का दबाव स्थानीय रिम धुरा उद्यमियों पर बनाया जा रहा है। अमेरिका के उद्यमियों ने कह दिया है कि रेट घटाने पर ही वह रिम खरीदेंगे। अमेरिका के उद्यमियों के इस फैसले से जिले के रिम धुरा उद्यमी चिंतित हैं। शामली में तैयार रिम को अमेरिका समेत विभिन्न देशों में भेजा है। शामली से करोड़ों का माल अमेरिका भेजा जाता है। कैरियर व्हील के संचालक और आईआईए के चेयरमैन आशीष जैन, अपूर्व जैन, वरुण जैन ने बताया कि फिलहाल इंतजार करने के सिवाए कोई रास्ता नजर नहीं आ रहा है। दूसरे देशों में भी संभावनाएं तलाशी जा रही हैं, हालांकि, अभी टैरिफ को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है लेकिन अमेरिका के छह उद्यमियों ने करीब एक करोड़ के ऑर्डर होल्ड पर डाल दिए हैं।
लगातार माल के रेट कम करने की मांग की जा रही है। अमेरिका ने दूसरे देशों पर भारत से कहीं ज्यादा टैरिफ लगाया है, हालांकि भारत पर 26 प्रतिशत का टैरिफ लगने से भारतीय माल भी अमेरिका में महंगा होगा ,लेकिन दूसरे देशों के माल की कीमतें ज्यादा होने से भारत के उत्पादों की मांग वहां के बाजार में बढ़ने की भी उम्मीद है। इससे ज्यादा कीमत पर ही सही पर व्यापार (निर्यात) बढ़ने की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता। अमेरिका के निर्णय से केवल भारत में ही नहीं दुनिया के दूसरे देशों में ऊहापोह की स्थिति है। आने वाले दिनों में स्थितियां स्पष्ट होंगी।